महाकाल मंदिर में कपल ने की सगाई, VIDEO वायरल होते ही मंदिर समिति का बड़ा एक्शन

उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दिल्ली से आए एक कपल ने मंदिर परिसर के गणेश मंडपम में सगाई की रस्म निभाकर वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।

Jun 1, 2026 - 17:14
महाकाल मंदिर में कपल ने की सगाई, VIDEO वायरल होते ही मंदिर समिति का बड़ा एक्शन

उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में मंदिर नियमों के उल्लंघन का एक मामला सामने आया है। दिल्ली से आए एक युवक-युवती ने मंदिर परिसर के भीतर ही सगाई की रस्म अदा कर ली और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होते ही महाकाल मंदिर प्रबंधन और समिति हरकत में आ गई तथा मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, 26 मई को दिल्ली से आया एक जोड़ा वीआईपी प्रोटोकॉल व्यवस्था के तहत मंदिर में प्रवेश किया। दर्शन के दौरान दोनों ने मंदिर के गणेश मंडपम में एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर सगाई की रस्म निभाई। बाद में इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया गया।

वीडियो के साथ सोशल मीडिया पर लिखी गई एक पंक्ति ने भी काफी ध्यान खींचा। पोस्ट में लिखा गया था, "जब महाकाल राजी तो क्या करेगा काजी"। इसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया और मंदिर प्रशासन के संज्ञान में आया।

मंदिर समिति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सबसे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो हटवाने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद जांच में पाया गया कि मंदिर परिसर में मोबाइल ले जाकर वीडियो बनाया गया, जबकि मंदिर के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर पहले से प्रतिबंध लागू है।

महाकालेश्वर मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने बताया कि नियमों के उल्लंघन को देखते हुए संबंधित सुरक्षा एजेंसी पर 50 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। इसके अलावा वीडियो में दिखाई देने वाले अटेंडर का सभी विशेष प्रवेश द्वारों से प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

मंदिर प्रशासन ने संबंधित प्रोटोकॉल अधिकारी और पुरोहित को भी चेतावनी जारी की है। वहीं कुछ मंदिर कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

मंदिर समिति का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब महाकाल मंदिर के नियमों का उल्लंघन हुआ हो। इससे पहले भी कई श्रद्धालु प्रतिबंधित वस्तुएं अंदर ले जाने या नियमों के विरुद्ध गतिविधियां करने के मामलों में पकड़े जा चुके हैं। प्रशासन अब सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और अधिक सख्त करने की तैयारी में है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।