महिला कॉन्स्टेबल ने खोले ऐसे राज जिससे अजमेर पुलिस महकमे में मची सनसनी… आखिर क्या है पूरा मामला? जानिए

अजमेर में महिला कॉन्स्टेबल ने साथी पुलिसकर्मी और उसके परिवार पर ऐसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनसे पूरे विभाग में सनसनी फैल गई है। रेप, ब्लैकमेल, जबरन गर्भपात और गैंग से मरवाने की धमकियों के बीच अब कई बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

May 7, 2026 - 13:41
महिला कॉन्स्टेबल ने खोले ऐसे राज जिससे अजमेर पुलिस महकमे में मची सनसनी… आखिर क्या है पूरा मामला? जानिए

राजस्थान के अजमेर से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक महिला कॉन्स्टेबल ने साथी पुलिसकर्मी और उसके परिवार पर रेप, ब्लैकमेल, जबरन गर्भपात करवाने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी कॉन्स्टेबल सहित उसकी पत्नी, भाई, बहन और जीजा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने मुख्य आरोपी कॉन्स्टेबल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

दोस्ती से शुरू हुई कहानी, फिर शुरू हुआ शोषण

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पहले से शादीशुदा थी और अजमेर में पोस्टिंग के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी कॉन्स्टेबल से हुई। आरोपी ने पहले दोस्ती की और फिर अपनी कॉन्स्टेबल बहन से भी पहचान करवाई। धीरे-धीरे आरोपी ने उसके निजी जीवन में दखल देना शुरू किया और उसे पति व ससुराल वालों के खिलाफ भड़काने लगा। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने उसे भरोसे में लेकर निवेश के नाम पर उसकी बचत भी इस्तेमाल करवाई। कुछ समय बाद उसने शादी का झांसा देना शुरू किया, हालांकि वह खुद पहले से शादीशुदा था।

जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर रेप का आरोप

महिला कॉन्स्टेबल ने आरोप लगाया कि आरोपी ने एक दिन जरूरी काम का बहाना बनाकर अपनी बहन के सरकारी क्वार्टर में बुलाया। वहां उसकी बहन और जीजा भी मौजूद थे। बाद में दोनों वहां से चले गए और आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।

विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और उसके बाद रेप किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना लिए और बाद में उन्हीं वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करता रहा।

28 लाख रुपए और गहने हड़पने का आरोप

पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने लंबे समय तक ब्लैकमेल कर उससे करीब 28 लाख रुपए और गहने ले लिए। आरोप है कि इस पूरे मामले में आरोपी की पत्नी, भाई, बहन और जीजा भी शामिल थे और सभी ने मिलकर साजिश रची।

जबरन अबॉर्शन और तलाक का आरोप

महिला कॉन्स्टेबल ने यह भी आरोप लगाया कि वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने जबरन अबॉर्शन की गोलियां खिलाकर गर्भपात करवा दिया। इतना ही नहीं, आरोपी उसके बेटे के सामने भी अश्लील हरकतें करता था। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसका तलाक भी करवा दिया, लेकिन खुद अपनी पत्नी से अलग नहीं हुआ।

 गैंग से मरवाने की धमकी

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी की पत्नी ने उसे रोहित गोदारा गैंग से मरवाने की धमकी दी थी। पीड़िता को कहा गया कि अगर उसने पुलिस या किसी अन्य एजेंसी में शिकायत की तो उसे और उसके बेटे को खत्म कर दिया जाएगा।

पुलिस ने दर्ज किया केस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी कॉन्स्टेबल, उसकी पत्नी, भाई, बहन और जीजा के खिलाफ रेप, पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।