सुवेंदु अधिकारी के PA मर्डर केस में बड़ा खुलासा: फर्जी कार, प्रोफेशनल शूटर्स और हिरासत में 3 लोग… आखिर कौन है मास्टरमाइंड?

पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के बीच भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले के तरीके, फर्जी नंबर प्लेट और मॉडर्न हथियारों के इस्तेमाल ने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया है।

May 7, 2026 - 13:32
सुवेंदु अधिकारी के PA मर्डर केस में बड़ा खुलासा: फर्जी कार, प्रोफेशनल शूटर्स और हिरासत में 3 लोग… आखिर कौन है मास्टरमाइंड?

पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद शुरू हुई हिंसा अब और खतरनाक रूप लेती नजर आ रही है। बुधवार रात नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है। बताया जा रहा है कि 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ बुधवार रात करीब 10:30 बजे कोलकाता से अपने घर मध्यमग्राम लौट रहे थे। वह स्कॉर्पियो की आगे वाली सीट पर बैठे थे। उनके साथ ड्राइवर बुद्धदेब बेरा और एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।

रास्ता रोककर बरसाईं गोलियां

रिपोर्ट्स के मुताबिक, डोलतला और मध्यमग्राम के बीच एक संदिग्ध कार ने पीछे से आकर उनकी स्कॉर्पियो का रास्ता रोक दिया। तभी बाइक पर सवार एक हमलावर वहां पहुंचा और स्कॉर्पियो की बाईं ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर ने 6 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां लगीं, जिनमें दो गोलियां सीने को चीरते हुए आर-पार निकल गईं। एक गोली पेट में लगी। वहीं ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।

प्रोफेशनल शूटर्स का शक

फोरेंसिक जांच के शुरुआती इनपुट्स ने मामले को और गंभीर बना दिया है। जांच एजेंसियों के अनुसार हमले में ग्लॉक 47X जैसी मॉडर्न पिस्टल का इस्तेमाल हुआ, जो आम अपराधियों के पास नहीं होती। जिस सटीक तरीके से हमला किया गया, उससे पुलिस को शक है कि इसमें प्रोफेशनल शूटर शामिल हो सकते हैं। हमलावर हेलमेट पहने हुए थे और बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने उस कार को जब्त कर लिया है, जिससे स्कॉर्पियो का रास्ता रोका गया था, लेकिन उसकी नंबर प्लेट फर्जी निकली।

एक घंटे बाद फिर फायरिंग

चंद्रनाथ रथ पर हमले के लगभग एक घंटे बाद बशीरहाट इलाके में भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय पर भी फायरिंग हुई। उन्हें पेट में गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। राज्य में 4 मई को चुनावी नतीजे आने के बाद से अब तक पांच लोगों की हत्या हो चुकी है। इनमें भाजपा और TMC दोनों दलों के कार्यकर्ता शामिल हैं।

भाजपा ने लगाया TMC पर आरोप

भाजपा ने इस हत्या के लिए सीधे तौर पर TMC को जिम्मेदार ठहराया है। सुवेंदु अधिकारी ने इसे “प्लान्ड मर्डर” बताया और कहा कि चंद्रनाथ रथ की कई दिनों से रेकी की जा रही थी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि बंगाल में “गुंडाराज” खत्म करने की लड़ाई जारी रहेगी। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद राजनीतिक बदले की भावना से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।

TMC ने मांगी CBI जांच

वहीं TMC ने इन आरोपों को खारिज करते हुए मामले की कोर्ट मॉनिटरिंग में CBI जांच की मांग की है। पार्टी ने बयान जारी कर कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और भाजपा तथा TMC कार्यकर्ताओं की हत्या की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

परिवार में मातम

चंद्रनाथ रथ की मां और भाई ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। उनकी मां ने कहा कि वह फांसी नहीं बल्कि उम्रकैद चाहती हैं ताकि अपराधियों को उनके किए की सजा जिंदगी भर मिले।

जांच में जुटीं एजेंसियां

घटनास्थल पर CID, फोरेंसिक टीम और SIT जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और कई संदिग्धों को हिरासत में लेने की जानकारी भी सामने आई है। इस बीच पूरे मध्यमग्राम और बारासात इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की हिंसा को रोका जा सके।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।