बाड़मेर में शादी से लौट रहे परिवार की बोलेरो कैंपर पलटी, दूल्हे समेत 12 घायल; टायर फटने से हुआ हादसा
बाड़मेर में शादी की खरीदारी कर लौट रहे परिवार की बोलेरो कैंपर का टायर फटने से हादसा हो गया, जिसमें दूल्हे समेत 12 लोग घायल हो गए।
बाड़मेर।
बाड़मेर जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें शादी की खरीदारी कर लौट रहे परिवार की बोलेरो कैंपर का टायर फटने से वाहन पलट गया। हादसे में दूल्हे समेत 12 लोग घायल हो गए।
यह दुर्घटना रामसर थाना क्षेत्र में डऊकियों की होदी के पास हुई। पुलिस के अनुसार, गोरड़िया गांव निवासी बख्तसिंह का परिवार शादी की खरीदारी के लिए बाड़मेर शहर आया था। वापसी के दौरान रामसर से करीब 5 किलोमीटर पहले गाड़ी का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन बेकाबू होकर पलट गया और सड़क किनारे पेड़ से टकराकर रुक गया।
? मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। हादसे में बच्चे और महिलाएं सहित कुल 12 लोग घायल हुए हैं।
सभी घायलों को पहले रामसर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बाड़मेर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं एक गंभीर घायल को जोधपुर भेजा गया है।
इलाज में देरी का आरोप
घटना के बाद यह भी सामने आया कि रामसर अस्पताल में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की कमी के कारण घायलों के इलाज में देरी हुई, जिससे रेफर करने में भी समय लगा।
सड़क पर बिखरा शादी का सामान
हादसे के बाद बोलेरो कैंपर में रखा शादी का सामान—कपड़े, गुड़, पताशा और अन्य सामग्री सड़क पर बिखर गई।
परिजनों के अनुसार, 21 अप्रैल को परिवार में शादी थी और उसी की तैयारी के लिए यह खरीदारी की गई थी।
ये लोग हुए घायल
घायलों में मोती सिंह (5), मीना कंवर (7), लक्ष्मण सिंह (10), सुशीला (45), चिराग (7), धर्मेंद्र (10), मोहनी (45), करण सिंह (25), सुमेर सिंह (29), पवन सिंह, दिनेश सिंह (36) और मंजू कंवर (40) शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए बाड़मेर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच जारी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।