कॉन्स्टेबल की पत्नी की मौत पर बवाल: परिवार बोला ये सुसाइड नहीं, प्लानिंग के साथ किया गया मर्डर...

अहमदाबाद में तैनात राजस्थान के कॉन्स्टेबल की पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिवार ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करणी सेना और समाज के लोग पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंच गए।

May 12, 2026 - 17:22
कॉन्स्टेबल की पत्नी की मौत पर बवाल: परिवार बोला ये सुसाइड नहीं, प्लानिंग के साथ किया गया मर्डर...

गुजरात के अहमदाबाद में तैनात राजस्थान के एक पुलिस कॉन्स्टेबल की पत्नी की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका के परिजनों ने इस मामले को आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है। आरोपी कॉन्स्टेबल की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिवार और समाज के लोगों ने मंगलवार को अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

मामले में राजस्थान के विभिन्न सामाजिक संगठनों और करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग रैली के रूप में पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

अहमदाबाद पुलिस में तैनात है आरोपी कॉन्स्टेबल

पाली जिले के शिवतलाव निवासी अर्जुन सिंह पुरोहित अहमदाबाद के वासणा क्षेत्र स्थित सैटेलाइट पुलिस स्टेशन में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है। उसकी पत्नी गीता राजपुरोहित (35) 15 अप्रैल को वासणा इलाके स्थित घर में फंदे से लटकी मिली थी।

घटना के बाद गीता के पीहर पक्ष ने वासणा पुलिस थाने में अर्जुन सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया था। हालांकि अब परिवार हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रहा है।

करणी सेना भी उतरी मैदान में

मंगलवार को आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग और करणी सेना के कार्यकर्ता अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। राजस्थान करणी सेना के अध्यक्ष राज शेखावत भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपी कॉन्स्टेबल की तत्काल गिरफ्तारी, हत्या का मामला दर्ज करने और पूरे केस की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपने की मांग की।

भीड़ बढ़ने पर पुलिस कमिश्नर कार्यालय के गेट बंद कर दिए गए। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।

परिवार बोला- यह आत्महत्या नहीं, हत्या है

मृतका गीता राजपुरोहित के परिजनों का आरोप है कि यह मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का है। उनका कहना है कि आरोपी पति अर्जुन सिंह लंबे समय से गीता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।

परिवार के मुताबिक आरोपी अक्सर विवाद करता था और मारपीट भी करता था।

परिजनों ने दावा किया कि घटना वाले दिन अर्जुन सिंह ने गीता के भाई नत्थू सिंह को फोन कर बताया था कि बेटे की मेडिकल रिपोर्ट ठीक नहीं आने के कारण गीता परेशान है और उसने नींद की गोलियां खा ली हैं।

वीडियो कॉल में आधी बेहोश दिखी थी गीता

परिवार का कहना है कि फोन के बाद वीडियो कॉल में गीता आधी बेहोश हालत में दिखाई दी थी। यह देखकर नत्थू सिंह तुरंत जोधपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना हो गया।

लेकिन इसी बीच गीता के जेठ ने फोन कर उसके आत्महत्या करने की सूचना दे दी। इसके बाद से परिवार लगातार मामले में साजिश और हत्या की आशंका जता रहा है।

2013 में हुई थी शादी

जोधपुर के पाल गांव निवासी गीता राजपुरोहित की शादी साल 2013 में अर्जुन सिंह पुरोहित से हुई थी। शादी के बाद दोनों अहमदाबाद में रह रहे थे।

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही गीता को प्रताड़ित किया जा रहा था, लेकिन परिवार सामाजिक कारणों से चुप रहा।

20 दिन से धरने पर बैठा परिवार

बताया जा रहा है कि मृतका का परिवार पिछले 20 दिनों से वासणा पुलिस स्टेशन के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रहा है। परिवार का आरोप है कि आरोपी पुलिसकर्मी होने के कारण कार्रवाई में देरी की जा रही है।

मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान गीता के परिवार को कमिश्नर कार्यालय के अंदर ले जाया गया, लेकिन पुलिस कमिश्नर से मुलाकात नहीं होने पर परिजन नाराज हो गए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस कमिश्नर उनसे मुलाकात नहीं करते तो वे कार्यालय के बाहर ही धरना जारी रखेंगे। बाद में परिवार को प्रभारी कमिश्नर के सामने अपनी बात रखने के लिए ले जाया गया।

परिवार की तीन बड़ी मांगें

गीता के परिजनों ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं—

  1. आरोपी पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा हटाकर हत्या का मामला दर्ज किया जाए।
  2. आरोपी कॉन्स्टेबल अर्जुन सिंह को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
  3. मामले की जांच स्थानीय पुलिस के बजाय क्राइम ब्रांच को सौंपी जाए।

फिलहाल मामला संवेदनशील बना हुआ है और पूरे घटनाक्रम पर राजस्थान और गुजरात दोनों राज्यों के सामाजिक संगठनों की नजर बनी हुई है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।