NEET पेपर लीक में बड़ा खुलासा! नासिक से पकड़ा गया सप्लायर,15-18 आरोपियों को CBI को सौंपेगी SOG... आख़िर कौन है मास्टरमाइंड
NEET 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जानिए पूरी खबर
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET 2026 को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा को रद्द कर दिया है। जांच में पता चला है कि पेपर महाराष्ट्र के नासिक से लीक हुआ था और इसका नेटवर्क राजस्थान के सीकर, जयपुर से लेकर गुरुग्राम, बिहार, केरल और जम्मू-कश्मीर तक फैला हुआ था।
सूत्रों के मुताबिक राजस्थान एसओजी पिछले चार दिनों से लगातार इस पेपर लीक की जांच में जुटी हुई थी। करीब 150 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की टीम यह पता लगाने में लगी थी कि आखिर पेपर सबसे पहले कहां से बाहर आया और किन लोगों तक पहुंचा।
सीकर से खुला पूरा नेटवर्क
जांच की शुरुआत राजस्थान के सीकर से हुई, जहां एसओजी ने कुछ बड़े सेंटर संचालकों और कोचिंग से जुड़े लोगों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आईं। इसके बाद एसओजी ने सीकर और जयपुर की कई नामी कोचिंग संस्थानों में सर्च ऑपरेशन चलाया।
जांच का दायरा बढ़ने पर टीम गुरुग्राम पहुंची और वहां से नासिक कनेक्शन सामने आया। इसके बाद एक पेपर सप्लायर को हिरासत में लिया गया।
गेस पेपर से हुआ बड़ा खुलासा
बताया जा रहा है कि अप्रैल महीने में सीकर के एक छात्र को संदिग्ध “गेस पेपर” मिला था। परीक्षा से दो दिन पहले एक हॉस्टल संचालक के पास भी यही पेपर पहुंचा, जिसे बाद में छात्रों में सर्कुलेट किया गया।
4 मई को हॉस्टल संचालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद 8 मई को एसओजी की टीम सीकर पहुंची और जांच शुरू हुई। जांच में धीरे-धीरे देशभर में फैले बड़े नेटवर्क का खुलासा होने लगा।
मनचाहे रेट पर बिका पेपर
एसओजी जांच में सामने आया है कि NEET का पेपर लाखों रुपये में बेचा गया। अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग रेट पर पेपर सप्लाई किया गया। जांच एजेंसियों के पास ऐसे कई लोगों के खिलाफ सबूत मिले हैं जिन्होंने पेपर खरीदा और आगे बेचने का काम किया।
सूत्रों के अनुसार यह पेपर नासिक से केरल, देहरादून, गुरुग्राम, बिहार, हरियाणा और राजस्थान के कई जिलों तक पहुंचाया गया था। अब यह पता लगाया जा रहा है कि किसने कितनी रकम लेकर पेपर आगे बढ़ाया।
अब CBI करेगी जांच
एसओजी ने अब तक करीब 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की है। इनमें से कई लोगों को छोड़ दिया गया, लेकिन अभी भी 15 से 18 संदिग्ध हिरासत में बताए जा रहे हैं। आज सीबीआई की टीम इन आरोपियों को अपने साथ लेकर आगे की जांच करेगी।
माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में देशभर में बड़े स्तर पर गिरफ्तारियां हो सकती हैं। NEET परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। वहीं विपक्ष भी सरकार और एजेंसियों पर सवाल उठा रहा है।