शिक्षकों की कमी से नाराज छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने स्कूल गेट पर जड़ा ताला, किया धरना-प्रदर्शन
स्कूल में 11 शिक्षकों के पद रिक्त होने के कारण छात्रों और अभिभावकों ने गेट पर ताला जड़कर धरना दिया, जिससे पढ़ाई पर गंभीर असर पड़ा।
जालोर जिले के नोसरा थाना क्षेत्र के भवरानी गांव में स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में लंबे समय से 11 शिक्षकों के पद रिक्त होने के कारण छात्रों और अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार को नाराज छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर धरना शुरू कर दिया और शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
स्कूल सत्र शुरू हुए एक महीना, फिर भी शिक्षकों का टोटा
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूल में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हुए करीब एक महीना बीत चुका है, लेकिन रिक्त पड़े 11 शिक्षकों के पदों पर अभी तक कोई नियुक्ति नहीं हुई है। इस कमी के चलते छात्रों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है, खासकर कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों को बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नाराजगी जाहिर करते हुए छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और स्कूल के सामने गांव की मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए, जिन्होंने शिक्षा विभाग की उदासीनता पर सवाल उठाए।