RSS के कारण विनोद जाखड़ गए थे जेल, अब एक बार फिर उसी जगह विवाद जानिए पूरी खबर
राजस्थान यूनिवर्सिटी में 3 अप्रैल को प्रस्तावित RSS कार्यक्रम को लेकर NSUI ने कड़ा विरोध जताया है. संगठन ने प्रशासन से अनुमति न देने की मांग करते हुए शैक्षणिक वातावरण पर असर पड़ने की बात कही है.
जयपुर स्थित राजस्थान विश्वविद्यालय में 3 अप्रैल को प्रस्तावित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यक्रम को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस आयोजन को लेकर छात्र संगठन NSUI ने खुलकर विरोध का ऐलान किया है।
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने स्पष्ट कहा है कि विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में किसी भी “संकीर्ण वैचारिक संगठन” के कार्यक्रम का आयोजन स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध, वैज्ञानिक सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास का केंद्र होता है, न कि किसी विशेष विचारधारा के प्रचार का मंच।
शिक्षा के मंदिर को राजनीति से दूर रखने की मांग
विनोद जाखड़ ने कहा कि शिक्षा संस्थानों को राजनीतिक और वैचारिक एजेंडों से दूर रखना बेहद जरूरी है। छात्रों के उज्ज्वल भविष्य और स्वतंत्र सोच के लिए विश्वविद्यालय परिसर में निष्पक्ष और समावेशी शैक्षणिक माहौल बनाए रखना आवश्यक है।
शैक्षणिक माहौल पर असर की आशंका
NSUI का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करते हैं, बल्कि शिक्षा की गरिमा को भी ठेस पहुंचाते हैं। संगठन ने पहले भी RSS द्वारा आयोजित “शस्त्र पूजा” जैसे कार्यक्रमों का विरोध किया था, यह कहते हुए कि ऐसी गतिविधियां छात्रों के बीच वैचारिक विभाजन पैदा करती हैं।
प्रशासन से अनुमति रद्द करने की मांग
NSUI राजस्थान ने प्रशासन से मांग की है कि 3 अप्रैल को प्रस्तावित इस कार्यक्रम को अनुमति न दी जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि कार्यक्रम को मंजूरी दी जाती है, तो वह इसका कड़ा विरोध करेगा।
NSUI ने दोहराया कि वह विश्वविद्यालय परिसर को “वैचारिक प्रयोगशाला” बनने नहीं देगा और छात्रों के हितों तथा शैक्षणिक माहौल की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगा।