रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की सुपारी लेने वाला शूटर गिरफ्तार, श्रीगंगानगर एनकाउंटर में हुआ घायल; लॉरेंस गैंग से जुड़ा बड़ा खुलासा

श्रीगंगानगर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुए बदमाश आकाश ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की सुपारी ली थी। आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य है और सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टर आरजू बिश्नोई के संपर्क में था। पुलिस ने उसे चेक पोस्ट पर फायरिंग के बाद गिरफ्तार किया और फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।

Mar 29, 2026 - 17:49
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की सुपारी लेने वाला शूटर गिरफ्तार, श्रीगंगानगर एनकाउंटर में हुआ घायल; लॉरेंस गैंग से जुड़ा बड़ा खुलासा

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ के बाद एक बड़े आपराधिक नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने जिस आरोपी को घायल अवस्था में पकड़ा है, उसने पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी दी है—वह बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग करने की सुपारी ले चुका था।

सोशल मीडिया से जुड़ा गैंग, विदेश से मिल रहे थे निर्देश

आईजी ओम प्रकाश ने शनिवार को पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि गिरफ्तार आरोपी आकाश (32) कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य है। वह गैंगस्टर आरजू बिश्नोई के इशारों पर काम करता था, जो फिलहाल विदेश में बैठकर नेटवर्क संचालित कर रहा है।पुलिस के अनुसार, आकाश और उसका साथी शिवा गुर्जर सोशल मीडिया के जरिए गैंग से जुड़े थे और वहीं से उन्हें टारगेट्स और निर्देश मिलते थे।

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की थी प्लानिंग

एसपी हरिशंकर ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आकाश ने अपने साथी शिवा गुर्जर के साथ मिलकर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग करने की सुपारी ली थी। यह टास्क आरजू बिश्नोई ने सौंपा था। दोनों आरोपी मिलकर रेकी और हमले की तैयारी कर रहे थे।

चेक पोस्ट पर पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल

घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की है, जब साधुवाली चेक पोस्ट पर पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आ रहे संदिग्ध को रोकने की कोशिश की।इस दौरान आरोपी आकाश ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ा गया।

कई राज्यों में दर्ज हैं केस, प्रोफेशनल शूटर है आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आकाश आगरा (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और एक प्रोफेशनल शूटर के रूप में काम करता है। वह पहले रेकी करता है और फिर बड़ी वारदातों को अंजाम देता है।राजस्थान के हनुमानगढ़ सहित उत्तर प्रदेश और पंजाब के कई इलाकों में उसके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

श्रीगंगानगर में भी बड़ी वारदात की थी तैयारी

पुलिस के अनुसार, आकाश श्रीगंगानगर में भी एक गैंगस्टर और एक बिजनेसमैन को निशाना बनाने की योजना से आया था। पुलिस को पहले ही इसकी भनक लग गई थी, जिसके बाद नाकाबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की गई।

शिवा गुर्जर पहले ही हो चुका है गिरफ्तार

इस मामले में आकाश का साथी शिवा गुर्जर (20) पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है। उसे 23 मार्च को जयपुर सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया था।शिवा पर रेकी और हथियार सप्लाई करने के मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी आपस में करीबी दोस्त हैं और गैंग के लिए मिलकर काम करते थे।

पुलिस कर रही है गहन पूछताछ

फिलहाल घायल आरोपी आकाश का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस उससे और उसके साथी शिवा गुर्जर से पूछताछ कर रही है, ताकि गैंग के नेटवर्क और आगामी साजिशों का पर्दाफाश किया जा सके।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.