राजस्थान के 4 जिलों में रेतीला बवंडर, दिन में छाया अंधेरा: पाकिस्तान से उठे तूफान ने बदला मौसम; UP-बिहार में 48 मौतें
राजस्थान के चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर और सीकर में शनिवार को आए भीषण रेतीले तूफान ने जनजीवन प्रभावित कर दिया।
राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली और चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर तथा सीकर जिलों में भीषण रेतीला तूफान देखने को मिला। पाकिस्तान की ओर से उठे धूल भरे तूफान का असर राजस्थान के बॉर्डर से सटे क्षेत्रों में देखने को मिला, जहां 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली और देखते ही देखते आसमान धूल के गुबार से भर गया।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि दिन के समय ही अंधेरे जैसे हालात बन गए। सड़कों पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा, जबकि लोग जान बचाने के लिए दुकानों और घरों में शरण लेते नजर आए। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
श्रीगंगानगर, चूरू और बीकानेर में धूल का साम्राज्य
शनिवार सुबह करीब 11 बजे श्रीगंगानगर में तेज धूल भरी आंधी शुरू हुई। कुछ ही मिनटों में पूरा शहर धूल के गुबार से ढक गया। कई स्थानों पर रेत के बवंडर जैसे दृश्य दिखाई दिए। इसी तरह चूरू और बीकानेर में भी लोगों ने दुर्लभ और भयावह रेतीले तूफान का सामना किया।
सीकर जिले के फतेहपुर और लक्ष्मणगढ़ क्षेत्रों में भी धूल का घना गुबार छाया रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इतना शक्तिशाली रेतीला तूफान नहीं देखा था।
लोगों में दहशत, घरों में कैद हुए लोग
अचानक आए तूफान के कारण बाजारों और सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग भागते हुए घरों में जाते और दरवाजे-खिड़कियां बंद करते दिखाई दिए। कई क्षेत्रों में धूल के कारण कुछ मीटर की दूरी तक भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था।
उदयपुर समेत कई जिलों में बारिश और ओले
राजस्थान के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में मौसम का दूसरा रूप देखने को मिला। उदयपुर सहित कई जिलों में सुबह बारिश हुई, जबकि शुक्रवार को चूरू, बीकानेर, हनुमानगढ़, जयपुर, अलवर, भरतपुर, झुंझुनूं और करौली समेत कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई।
बारिश और ओले गिरने से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और नौतपा से राहत मिली।
मौसम विभाग का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से राजस्थान में मौसम में बड़ा बदलाव आया है। विभाग ने शनिवार को प्रदेश के करीब 30 जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रह सकता है। तेज हवाओं के साथ बारिश और धूल भरी आंधी की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
मानसून को लेकर भी बड़ा अपडेट
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले सात दिनों में केरल पहुंच सकता है। हालांकि इस वर्ष मानसून सामान्य से कमजोर रहने की आशंका भी जताई गई है। जून से सितंबर के बीच देश में सामान्य औसत से कम बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।