जयपुर IPL 2026 से पहले प्रशासन सख्त, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर कलक्टर ने दिए बड़े निर्देश
आगामी बड़े क्रिकेट आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है। सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं
जयपुर में होने वाले IPL 2026 मैचों की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिला कलक्टर ने आयोजन से जुड़ी सभी एजेंसियों और संबंधित विभागों को सुरक्षा, व्यवस्थाओं और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बैठक में राजस्थान रॉयल्स, बीसीसीआई और स्पोर्ट्स काउंसिल के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए कि आयोजन के दौरान सभी मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। दिव्यांग दर्शकों के लिए रैम्प और अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
स्टेडियम में आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम, एंबुलेंस, फायर सेफ्टी और मेडिकल कियोस्क की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। साथ ही स्वच्छता, पेयजल और बिजली आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा जांच और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि मैच के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।