जोधपुर: साध्वी प्रेम बाईसा की मौत पर बड़ा खुलासा, विसरा जांच में जहर नहीं मिला

जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। एफएसएल की विसरा जांच में शरीर में किसी भी तरह के जहर या विषैले तत्व की पुष्टि नहीं हुई है और न ही किसी आपराधिक घटना के संकेत मिले हैं। 28 जनवरी को आश्रम में तबीयत बिगड़ने के बाद उनकी मृत्यु हुई थी। अब मेडिकल बोर्ड की अंतिम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का खुलासा होगा।

Feb 13, 2026 - 16:56
जोधपुर: साध्वी प्रेम बाईसा की मौत पर बड़ा खुलासा, विसरा जांच में जहर नहीं मिला

जोधपुर: साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत मामले में बड़ा अपडेट, विसरा जांच में जहर की पुष्टि नहीं

राजस्थान के जोधपुर से साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। एफएसएल की विसरा जांच रिपोर्ट में शरीर में किसी भी प्रकार के विषैले तत्व की पुष्टि नहीं हुई है। जांच में न तो जहर के प्रमाण मिले हैं और न ही किसी अप्राकृतिक या आपराधिक घटना के संकेत पाए गए हैं।

आश्रम में बिगड़ी थी तबीयत

साध्वी प्रेम बाईसा की तबीयत 28 जनवरी को पाल गांव स्थित आरती नगर आश्रम में अचानक बिगड़ गई थी। अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पिता बिरमनाथ की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज किया।

29 जनवरी को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद विसरा सैंपल 2 फरवरी को एफएसएल भेजे गए। महज 11 दिन में एफएसएल ने अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी।

एसआईटी ने की बहुआयामी जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी छवी शर्मा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। एसआईटी ने आश्रम से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जांच की। पुलिस के अनुसार, साध्वी को पहले से अस्थमा की शिकायत थी, जिसे भी जांच का हिस्सा बनाया गया।

अंतिम रिपोर्ट का इंतजार

हालांकि विसरा रिपोर्ट में जहर या किसी संदिग्ध पदार्थ की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा मेडिकल बोर्ड की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

अब सबकी नजर मेडिकल बोर्ड की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी है, जो इस मामले से पूरी तरह पर्दा उठा सकती है।

Web Desk Web Desk The Khatak