Rajasthan Encounter: पाली में ANTF-तस्कर आमने-सामने, मुठभेड़ में एक ढेर, डोडा पोस्त से भरी गाड़ी जब्त

राजस्थान के पाली जिले के खिंवाड़ा क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और मादक पदार्थ तस्करों के बीच देर रात मुठभेड़ हुई। फायरिंग में 36 वर्षीय तस्कर भूटाराम उर्फ भुट्टों के सीने में गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने डोडा पोस्त से भरी एक गाड़ी जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरी संदिग्ध गाड़ी फरार हो गई। मामले में नेटवर्क की जांच जारी है।

Feb 13, 2026 - 17:32
Rajasthan Encounter: पाली में ANTF-तस्कर आमने-सामने, मुठभेड़ में एक ढेर, डोडा पोस्त से भरी गाड़ी जब्त

राजस्थान के पाली जिले में गुरुवार देर रात एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और मादक पदार्थ तस्करों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक तस्कर की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हलचल मच गई है। पुलिस ने डोडा पोस्त से भरी एक गाड़ी जब्त की है, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरी संदिग्ध गाड़ी मौके से फरार हो गई, जिसकी तलाश जारी है।

खिंवाड़ा क्षेत्र में हुई कार्रवाई

मुठभेड़ खिंवाड़ा थाना क्षेत्र की सांभरिया सरहद में हुई। एएसपी चैनसिंह महेचा के अनुसार, एएनटीएफ को पुख्ता सूचना मिली थी कि राजसमंद जिले के दिवेर मार्ग से डोडा पोस्त से भरी दो गाड़ियां पाली की ओर आ रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सूरजभान सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर घेराबंदी की गई।

पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस ने जैसे ही वाहनों को रोकने का प्रयास किया, तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में 36 वर्षीय तस्कर भूटाराम उर्फ भुट्टों के सीने में गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल भूटाराम को पहले जोजावर अस्पताल और बाद में पाली के बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

एक गिरफ्तार, दूसरी गाड़ी फरार

मौके से डोडा पोस्त से भरी एक गाड़ी जब्त की गई है और उसमें सवार एक अन्य युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार हुई दूसरी गाड़ी में भी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है। जिलेभर में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश की जा रही है।

नेटवर्क की जांच शुरू

पाली जिले में एएनटीएफ की यह अब तक की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी का नेटवर्क किन-किन जिलों या राज्यों तक फैला हुआ है और नशीले पदार्थों की खेप कहां पहुंचाई जानी थी। मामले की जांच जारी है।

Web Desk Web Desk The Khatak