सीकर में पुलिस की बड़ी दबिश… अल्टो कार से मिला ऐसा “खतरनाक पैकेट” देखकर उड़ गए होश!
रूटीन गश्त के दौरान गोकुलपुरा थाना पुलिस को एक अल्टो कार में ऐसा संदिग्ध पैकेट मिला, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। 100 ग्राम अफीम के साथ आरोपी दबोचा गया, जो हॉस्टलों तक सप्लाई की तैयारी में था… लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने पूरा खेल बिगाड़ दिया।
सीकर जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत गोकुलपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम सप्लाई के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 100 ग्राम अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो इसे छोटे-छोटे पैकेट बनाकर शहर के हॉस्टलों में रहने वाले युवकों को सप्लाई करने की तैयारी में था।
थाना प्रभारी (SHO) प्रीति बेनीवाल ने बताया कि बीती शाम पुलिस टीम रूटीन गश्त पर थी। टीम जब गोकुलपुरा, जयपुर रोड होते हुए तुर्किये जोहड़े के पास पहुंची तो वहां एक अल्टो कार संदिग्ध हालत में खड़ी दिखाई दी। जैसे ही पुलिस वाहन नजदीक पहुंचा, कार में बैठे लोग घबराकर भागने लगे।
शक के आधार पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक की थैली से 100 ग्राम अफीम बरामद हुई। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मवीर शर्मा (47) पुत्र बजरंग लाल, निवासी बस स्टैंड के पास, महामाया का मंदिर क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी अल्टो कार भी जब्त कर ली है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को किसी सप्लायर द्वारा अफीम की एक बड़ी खेप दी गई थी। इसके बाद वह इसे छोटे-छोटे पैकेटों में बांटकर सीकर के दासा की ढाणी क्षेत्र के पास स्थित हॉस्टलों में रहने वाले युवकों को सप्लाई करने की योजना बना रहा था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है कि अफीम की सप्लाई कहां से आई और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई में गोकुलपुरा थाने के कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश की विशेष भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।