सुबह-सुबह महंगाई का झटका! 42 रुपये महंगा हुआ LPG सिलेंडर, जानिए आपके शहर में क्या हैं नए रेट
जून महीने की शुरुआत के साथ ही कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका लगा है।
जून महीने के पहले ही दिन आम लोगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को महंगाई का झटका लगा है। देशभर में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 1 जून 2026 से लागू हो गई हैं। तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी नए रेट के अनुसार दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई समेत सभी प्रमुख महानगरों में कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा हो गया है।
दिल्ली में 42 रुपये बढ़ी कीमत
नई दरों के मुताबिक राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 42 रुपये बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में सबसे अधिक 53.50 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद वहां सिलेंडर की कीमत 3,255.50 रुपये पहुंच गई है।
प्रमुख शहरों में कमर्शियल LPG सिलेंडर के नए रेट
शहर | नई कीमत (₹)| पुरानी कीमत (₹)| बढ़ोतरी (₹)
दिल्ली | 3,113.50| 3,071.50| 42.00
कोलकाता | 3,255.50| 3,202.00| 53.50
मुंबई | 3,067.50 | 3,024.00 | 43.50
चेन्नई | 3,283.00 | 3,237.00 | 46.00
5 किलो वाला FTL सिलेंडर भी हुआ महंगा
कमर्शियल सिलेंडर के साथ-साथ 5 किलो वाले FTL (Free Trade LPG) सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। इसकी कीमत में 11 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में अब यह सिलेंडर 821.50 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 810.50 रुपये थी।
घरेलू उपभोक्ताओं को राहत
कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के बावजूद घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। देशभर में घरेलू सिलेंडर पहले की दरों पर ही उपलब्ध रहेगा।
प्रमुख शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम
शहर| कीमत (₹)
दिल्ली| 913.00
मुंबई| 912.50
जयपुर| 916.50
रायपुर| 984.00
भोपाल| 918.50
पटना| 1,011.00
कोलकाता| 939.00
चेन्नई| 928.50
सरकार ने दिए LPG स्टॉक बढ़ाने के निर्देश
इस बीच पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देश में ईंधन आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और किसी भी संभावित आपूर्ति संकट से निपटने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
उन्होंने बताया कि सभी तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को कम से कम 30 दिनों का LPG स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा देश के रणनीतिक कच्चे तेल भंडार को भी बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
LPG की कोई कमी नहीं, रिकॉर्ड स्तर पर उत्पादन
सरकार का कहना है कि देश में फिलहाल पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस की कोई कमी नहीं है। सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं और LPG उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। सरकार के अनुसार देश के किसी भी LPG वितरक के यहां गैस की कमी की सूचना नहीं मिली है।
हालांकि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का असर होटल, रेस्तरां, ढाबों और छोटे व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर पड़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे कई सेवाओं और खाद्य पदार्थों की लागत बढ़ने की संभावना है।