बोलेरो की टक्कर से महिला टीचर की दर्दनाक मौत, नए सत्र के पहले दिन ड्यूटी पर जा रही थी
झुंझुनूं के पिलानी में नए सत्र के पहले दिन ड्यूटी पर जा रही महिला टीचर दमयंती चांवरिया की बोलेरो से टक्कर में मौत हो गई। हादसा सुबह बाइपास तिराहे पर हुआ, जिसमें वह करीब 10 फीट दूर जा गिरीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
झुंझुनूं जिले के पिलानी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी स्कूल की महिला टीचर की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह नए सत्र के पहले दिन ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकली थीं। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टक्कर की पूरी घटना कैद हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान दमयंती चांवरिया (45) के रूप में हुई है, जो पिलानी की चिड़ावा रोड की निवासी थीं। वह ग्रेड-3 टीचर के पद पर सेडू की ढाणी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में कार्यरत थीं। बुधवार सुबह करीब 7:15 बजे वह स्कूटी से स्कूल जाने के लिए निकली थीं।
जब वह चिड़ावा रोड स्थित बाइपास तिराहे पर पहुंचीं, तभी सामने से आ रही एक बोलेरो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दमयंती स्कूटी से उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरीं। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही हालत नाजुक हो गई।
बोलेरो को मनोज सैनी चला रहे थे, जो स्वयं भी एक शिक्षक हैं और चिड़ावा के राजकला स्कूल में पदस्थापित हैं। वह भी उसी समय ड्यूटी पर जा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद मनोज सैनी ने आसपास के लोगों की मदद से घायल टीचर को पिलानी के बिरला सार्वजनिक अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। मामले की जांच जारी है।इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। दमयंती के पति विक्रम चांवरिया गवर्नमेंट कॉलेज चिड़ावा में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं। उनके दो बच्चे हैं—बेटा कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी का 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम एक दिन पहले ही आया था। परिवार मंगलवार को ही टोंक से एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौटकर आया था।