जयपुर में ऑटो ड्राइवर की शर्मनाक हरकत: विदेशी महिला से बुलवाई गालियां, वीडियो वायरल होने पर आरोपी गिरफ्तार
जयपुर में एक ऑटो ड्राइवर ने जर्मनी से आई विदेशी महिला से अपशब्द बुलवाए, जिसका वीडियो वायरल हो गया। महिला को शब्दों का अर्थ समझ नहीं था। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और महिला से वीडियो हटवाया।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में पर्यटन को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक ऑटो रिक्शा ड्राइवर ने जर्मनी से आई विदेशी महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोपी ने महिला को ऐसे अपशब्द बोलने के लिए उकसाया, जिनका अर्थ उसे समझ में नहीं था। इस पूरी घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, जर्मनी की एक महिला करीब 10 दिन पहले जयपुर घूमने आई थी। वह शहर के परकोटा (चारदीवारी) क्षेत्र में ऑटो रिक्शा से घूम रही थी। इसी दौरान ऑटो ड्राइवर मोहम्मद सोहेल (31), निवासी लुहारों का मोहल्ला, सूरजपोल (गलता गेट), ने महिला से बातचीत के दौरान अश्लील और अपमानजनक शब्द बोलने को कहा।
महिला इन शब्दों के अर्थ से अनजान थी और उसने इसे सामान्य बातचीत का हिस्सा समझकर दोहराया। आरोपी इस दौरान हंसता रहा और महिला को बार-बार ऐसे शब्द बोलने के लिए उकसाता रहा। महिला ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।जयपुर से लौटने के बाद महिला ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर दिया। 20 मार्च को यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और पुलिस के संज्ञान में आया।
पर्यटन थाना की SHO मंजू कुमारी के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद तुरंत जांच शुरू की गई। घटना स्थल की पहचान चारदीवारी क्षेत्र के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने सैकड़ों ऑटो ड्राइवरों से पूछताछ की और आरोपी की पहचान मोहम्मद सोहेल के रूप में की।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विदेशी महिला से अपशब्द बुलवाने और अभद्र व्यवहार करने के आरोप में FIR दर्ज की। रविवार को दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।जांच के दौरान पुलिस ने जर्मनी में मौजूद महिला से भी संपर्क किया और उसे वीडियो हटाने के लिए कहा। महिला ने पुलिस के अनुरोध पर वीडियो डिलीट कर दिया।