शादी के सिर्फ 3 साल और... ढाई साल की बेटी को साथ लेकर टांके में क्यों कूदी 23 साल की मां?
बाड़मेर के चौहटन थाना क्षेत्र के बूठ राठौड़न गांव में एक 23 वर्षीय विवाहिता ने अपनी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ पानी के टांके (कुएं) में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
राजस्थान के सरहदी जिले बाड़मेर से एक बार फिर दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। चौहटन थाना क्षेत्र के बूठ राठौड़न गांव में एक विवाहिता ने अपनी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ पानी से भरे टांके में कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस दर्दनाक हादसे में मां और बेटी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और सनसनी फैल गई है।
सुबह घर पर अकेली थी विवाहिता
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बूठ राठौड़न गांव की रहने वाली धुड़ी (23) पत्नी तेजाराम शुक्रवार सुबह अपनी ढाई साल की मासूम बेटी प्रिया के साथ घर पर अकेली थी। इसी दौरान अज्ञात कारणों के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया। विवाहिता ने पहले अपनी मासूम बच्ची को घर के पास ही बने पानी के टांके में फेंका और फिर खुद भी उसके पीछे टांके में कूद गई।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण
घटना के दौरान टांके से अचानक चिल्लाने और पानी में छपाके की आवाज आई। चीख-पुकार सुनकर आस-पास मौजूद ग्रामीण और पड़ोसी तुरंत मौके की तरफ दौड़े। जब उन्होंने टांके में झांक कर देखा तो उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय चौहटन थाना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, पीहर पक्ष को बुलाया गया
सूचना मिलते ही चौहटन पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद मां और मासूम बेटी के शवों को पानी के टांके से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों के शवों को राजकीय चौहटन अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। पुलिस ने विवाहिता के पीहर (मायके) पक्ष को घटना की सूचना देकर तत्काल बाड़मेर बुलाया है।
3 साल पहले हुई थी शादी, जांच में जुटी पुलिस
चौहटन पुलिस उपाधीक्षक (DSP) जेठाराम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि टांके में डूबने से विवाहिता और उसकी मासूम बेटी की मौत हुई है। शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए यह मामला आत्महत्या (Suicide) का प्रतीत हो रहा है। विवाहिता की शादी करीब 3 साल पहले ही हुई थी। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के असली कारणों का पता लगाने के लिए गहनता से जांच शुरू कर दी है। पीहर पक्ष के आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।