Barmer Crime: ऑनलाइन गेमिंग और पैसों के विवाद में व्यापारी पर हमला, दोनों पैर और हाथ का अंगूठा तोड़ा
बाड़मेर में दिनदहाड़े दो बदमाशों ने एक व्यापारी पर हॉकी और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। हमले में व्यापारी के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए और हाथ का अंगूठा टूट गया। घटना के पीछे ऑनलाइन गेमिंग और पैसों के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है।
राजस्थान के बाड़मेर शहर में बुधवार सुबह दिनदहाड़े एक व्यापारी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। दो बदमाशों ने व्यापारी को घेरकर हॉकी और लोहे की सरियों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए और हाथ का अंगूठा भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना शहर के विश्वकर्मा सर्किल क्षेत्र में सुबह करीब 11 बजे हुई। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
हॉकी और लोहे के पाइप से किया हमला
पुलिस के अनुसार घायल व्यापारी की पहचान माहेश्वरी भवन के पास रहने वाले प्रवीण अग्रवाल (42) पुत्र रामकिशोर के रूप में हुई है। वह किसी काम से विश्वकर्मा सर्किल पहुंचे थे।
इसी दौरान वहां पहुंचे दो बदमाशों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने हॉकी और लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के दौरान जब प्रवीण ने मदद के लिए आवाज लगाई तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। भीड़ जुटती देख दोनों हमलावर वहां से फरार हो गए।
दोनों पैरों में फ्रैक्चर
घायल व्यापारी को तुरंत बाड़मेर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार हमले में उनके दोनों पैरों में कई फ्रैक्चर आए हैं और हाथ का अंगूठा भी टूट गया है।
परिजनों के मुताबिक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और घटना के बाद वह काफी देर तक बेहोशी की स्थिति में रहे।
पैसों और ऑनलाइन गेमिंग विवाद की आशंका
घायल के चचेरे भाई मुकेश कुमार बंसल ने बताया कि कुछ लोग पिछले कई दिनों से प्रवीण पर पैसों को लेकर दबाव बना रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े एक मामले में प्रवीण ने किसी व्यक्ति का रेफरेंस दिया था, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ। परिजनों का कहना है कि हमलावर पिछले चार दिनों से उनका पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही हमला कर दिया।
व्यापारी और प्रॉपर्टी डीलर हैं प्रवीण
परिजनों के अनुसार प्रवीण अग्रवाल कृषि मंडी में अनाज व्यापारी हैं और साथ ही प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते हैं। सामाजिक स्तर पर भी वह कई गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।
घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
कोतवाली थाने के एएसआई सांवलाराम ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घायल व्यापारी ने पुलिस को दो संदिग्धों के नाम बताए हैं।
पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।