अलवर में जमीनी विवाद खूनी संघर्ष में बदला: रोजा खोलते समय मां-बेटे पर हमला, महिला का हाथ फ्रैक्चर, आरोपी फरार
अलवर के तिजारा थाना क्षेत्र के अलापुर जाट गांव में जमीनी विवाद को लेकर परिवार के लोगों ने मां-बेटे पर लाठी-सरियों से हमला कर दिया। महिला का हाथ फ्रैक्चर हो गया और दोनों गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी के आरोप लगे हैं।
अलवर जिले के तिजारा थाना क्षेत्र के गांव अलापुर जाट में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। परिवार के ही लोगों के बीच हुए इस विवाद में एक बुजुर्ग महिला और उसके बेटे पर लाठी-सरियों से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है, जब अलापुर जाट निवासी शब्बो की पत्नी पप्पी और उनका बेटा साकम घर पर अकेले थे और रोजा खोलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान परिवार के ही कुछ लोग—रफीक, मंसूद, हन्ना और अज्जि सहित करीब आधा दर्जन लोग वहां पहुंचे और अचानक हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने मां-बेटे को बेरहमी से पीटा। इस हमले में महिला का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं उसका बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत तिजारा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल महिला के पति शब्बो का कहना है कि घटना की सूचना रात को ही पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसको लेकर परिवार में नाराजगी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।