राजस्थान में बीजेपी का बड़ा दांव: 30 लाख कार्यकर्ताओं को AI-सोशल मीडिया ट्रेनिंग, ऐप पर होगा ऑनलाइन टेस्ट
राजस्थान में बीजेपी का बड़ा प्रशिक्षण अभियान शुरू, 30 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं को AI और सोशल मीडिया की ट्रेनिंग दी जाएगी। ‘सरल ऐप’ के जरिए रजिस्ट्रेशन और ऑनलाइन टेस्ट भी होगा।
जयपुर/राजस्थान भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म तक मजबूत करने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत राजस्थान में करीब 30 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नेताओं को ट्रेनिंग दी जाएगी।
डिजिटल और राजनीतिक रणनीति पर फोकस
इस प्रशिक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को बदलते राजनीतिक और डिजिटल माहौल के अनुरूप तैयार करना है। इसमें विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग की विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है।
साथ ही पार्टी की विचारधारा, इतिहास और विकास यात्रा की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत कर सकें।
857 वक्ता देंगे प्रशिक्षण
राज्य में इस अभियान के लिए 857 प्रशिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ जैसे वरिष्ठ नेता भी शामिल हैं। इसके अलावा, पार्टी में नए शामिल होने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए अलग से विशेष ट्रेनिंग सेशन आयोजित किए जाएंगे।
कई अहम विषय शामिल
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को कई महत्वपूर्ण विषयों पर ट्रेनिंग दी जाएगी,
जैसे: विपक्ष के नैरेटिव को प्रभावी तरीके से काउंटर करना, सोशल मीडिया और AI का सही उपयोग
संगठन के लिए सकारात्मक छवि बनाना
सूचना तंत्र को मजबूत करना
प्रदेश स्तर के नेताओं के लिए 15 सत्रों में चुनाव प्रबंधन, मीडिया मैनेजमेंट और डिजिटल रणनीति पर भी विशेष फोकस रहेगा।
सरल ऐप से रजिस्ट्रेशन और टेस्ट
प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौत्तम ने बताया कि इस कार्यक्रम में बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर सांसद और विधायक तक सभी के लिए भाग लेना अनिवार्य किया गया है। ट्रेनिंग के लिए रजिस्ट्रेशन सरल ऐप के जरिए होगा और प्रशिक्षण के बाद ऑनलाइन टेस्ट भी इसी ऐप पर लिया जाएगा। टेस्ट पास करने वाले प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
संगठन को नई मजबूती देने की तैयारी
इस बड़े प्रशिक्षण अभियान के जरिए बीजेपी राजस्थान में संगठन को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। डिजिटल टूल्स और नई रणनीतियों से लैस कार्यकर्ता आने वाले समय में पार्टी के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।