जयपुर: मानसरोवर में आज से गूंजेगी शिव महापुराण की गूँज, पंडित प्रदीप मिश्रा करेंगे कथा का श्रीगणेश

मानसरोवर में आज से शुरू होगी पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा! वीटी रोड मेला ग्राउंड में 26 मार्च तक चलने वाले इस भव्य आयोजन के लिए 4 लाख स्क्वायर फीट का वाटरप्रूफ पांडाल तैयार है। श्रद्धालुओं के लिए ट्रैफिक और पार्किंग की नई गाइडलाइन जारी की गई है। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

Mar 20, 2026 - 10:48
जयपुर: मानसरोवर में आज से गूंजेगी शिव महापुराण की गूँज, पंडित प्रदीप मिश्रा करेंगे कथा का श्रीगणेश

जयपुर। गुलाबी नगरी के मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड में आज, शुक्रवार दोपहर 1:00 बजे से सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से 'श्री शिव पुराण कथा' का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। 26 मार्च तक चलने वाले इस आध्यात्मिक महाकुंभ को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।

भव्य कलश यात्रा से बनी शिवमय पृष्ठभूमि
कथा के औपचारिक आगाज से पहले 15 मार्च को एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई। के.एल. सैनी स्टेडियम से शुरू होकर वीटी रोड मेला ग्राउंड तक पहुँची इस यात्रा में हजारों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर सहभागिता की। हाथी-घोड़ों, बग्घियों और बैंड-बाजे के साथ निकली इस यात्रा का पूरे मार्ग में पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।

लाखों श्रद्धालुओं के लिए 'वाटरप्रूफ' इंतज़ाम
आयोजन समिति के मुख्य व्यवस्थापक अखिलेश अत्री और मनोज पांडे के अनुसार, सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं:

पांडाल: लगभग 4 लाख स्क्वायर फीट में विशाल वाटरप्रूफ पांडाल बनाया गया है।

क्षमता: एक समय में करीब 1 लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था है।

तैयारी: पिछले कई दिनों से 400 से अधिक कारीगर दिन-रात आयोजन स्थल को अंतिम रूप देने में जुटे थे।

सुविधाएं: चिकित्सा शिविर, पेयजल पॉइंट और सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

यातायात अलर्ट: इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। यदि आप कथा में शामिल होने या उस क्षेत्र से गुजरने वाले हैं, तो इन बदलावों का ध्यान रखें:

1. वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें:

आमजन को सलाह दी गई है कि वे शिप्रापथ रोड, मध्यम मार्ग और वी.टी. रोड के बजाय न्यू सांगानेर रोड का उपयोग करें।

2. मुख्य डायवर्जन पॉइंट्स:

शिप्रापथ: भीड़ अधिक होने पर ट्रैफिक को डी-मार्ट से डी.डी. पार्क चौराहा और न्यू सांगानेर रोड की ओर मोड़ा जाएगा।

गोपालपुरा बाईपास: रिद्धि-सिद्धि चौराहा से आईआईएस तिराहा की ओर जाने वाले ट्रैफिक को गोपालपुरा बाईपास से निकाला जाएगा।

वीआईपी एंट्री: अरावली मार्ग को केवल वीआईपी वाहनों के प्रवेश के लिए आरक्षित रखा गया है।

3. पार्किंग प्रतिबंध:

वी.टी. रोड और अरावली मार्ग पर वाहन खड़ा करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

शिप्रापथ और मध्यम मार्ग पर केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग किया जा सकेगा।

विशेष सुझाव: बाहरी क्षेत्रों (अजमेर रोड, सीकर रोड या जगतपुरा) से आने वाले श्रद्धालु सीधे न्यू सांगानेर रोड का रास्ता अपनाएं ताकि जाम से बचा जा सके।

Kashish Sain Bringing truth from the ground