यूजीसी बिल के विरोध में करणी सेना का जयपुर में प्रदर्शन, सांसद राव राजेंद्र सिंह के आवास के बाहर नारेबाजी
यूजीसी बिल के विरोध में करणी सेना ने जयपुर में सांसद राव राजेंद्र सिंह के आवास के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की और बिल वापस लेने की मांग की।
जयपुर। राजपूत करणी सेना ने यूजीसी बिल के विरोध में राजधानी जयपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने खातीपुरा से राव राजेंद्र सिंह के आवास तक रैली निकालकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
काले कपड़े लहराकर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद की यूजीसी बिल पर चुप्पी के विरोध में काले कपड़े लहराए और जमकर नारेबाजी की।
आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने सांसद के आवास के बाहर और उनके नाम के होर्डिंग्स पर पोस्टर चिपकाकर बिल को वापस लेने की मांग उठाई।
दो घंटे तक चला प्रदर्शन
करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान “राव साहब मुर्दाबाद” और “नींद से जागो, विरोध करो” जैसे नारे लगाए गए।
हालांकि प्रदर्शन के समय सांसद आवास पर मौजूद नहीं थे, लेकिन इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने विरोध जारी रखा।
बच्चों के मुद्दों पर आवाज उठाने की मांग
करणी सेना के प्रधान संरक्षक शेर सिंह कालवी ने कहा कि वे सांसद से यह सवाल पूछने आए हैं कि वे बच्चों के हित में कब आवाज उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि “हमने हमेशा आपको वोट दिया है, लेकिन अब हमारे बच्चों के मुद्दों पर बोलना जरूरी है।”
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सांसद ने जल्द ही इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं की, तो विरोध लगातार जारी रहेगा। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष नारायण सिंह दिवराला, महेंद्र सिंह प्रयागपुरा, हेम सिंह बाड़मेर, पार्षद अरविंद कुलवाल और राजेंद्र सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह प्रदर्शन यूजीसी बिल को लेकर बढ़ते विरोध और राजनीतिक दबाव को साफ तौर पर दर्शाता है।