जोधपुर रेंज पुलिस की बड़ी सफलता: गेहूं के कट्टों में छिपाकर तस्करी कर रहे थे 19 क्विंटल डोडा-पोस्त, कीमत 1.10 करोड़ रुपये; ड्राइवर गिरफ्तार, बड़ा सप्लायर फरार
जोधपुर रेंज पुलिस ने पिंडवाड़ा में गेहूं के कट्टों की आड़ में छिपाए 19 क्विंटल डोडा-पोस्त जब्त किए, कीमत 1.10 करोड़। ट्रक ड्राइवर जेठाराम गिरफ्तार, मुख्य सप्लायर छगन (बाड़मेर) फरार। मंदसौर-बाड़मेर गैंग का शक, चुनाव से पहले नशा तस्करी पर सख्ती।
जोधपुर। जोधपुर रेंज की स्पेशल पुलिस टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 19 क्विंटल डोडा-पोस्त जब्त किया है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 1.10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। ट्रक में डोडा-पोस्त को गेहूं के कट्टों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य सप्लायर की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आगामी पंचायती राज चुनावों को देखते हुए मादक पदार्थों की खपत और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जोधपुर रेंज स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रेंज स्पेशल टीम को गुप्त सूचना मिली कि सिरोही जिले के पिंडवाड़ा इलाके से होकर एक ट्रक गेहूं की आड़ में डोडा-पोस्त की बड़ी खेप लेकर जा रहा है। यह खेप संभवतः मंदसौर (मध्य प्रदेश) से बाड़मेर की ओर ले जाई जा रही थी।
सूचना मिलते ही स्पेशल टीम ने संभावित रूट पर नाकाबंदी कर दी। टीम ने संदिग्ध 12 चक्का ट्रक (आरजे 19 जीके 2529) को रोका और उसकी गहन तलाशी ली। ट्रक में ऊपर से गेहूं के भरे कट्टे दिख रहे थे, लेकिन जांच में गेहूं के कट्टों के बीच कई कट्टों में अवैध डोडा-पोस्त भरा हुआ मिला। कुल 19 क्विंटल डोडा-पोस्त जब्त किया गया।
ट्रक चालक से पूछताछ में उसने अपना नाम जेठाराम पुत्र बोहराराम, निवासी बाखासर, जिला बाड़मेर बताया। पूछताछ में उसने बताया कि सिरोही पहुंचने पर उसे बाड़मेर या फलौदी की ओर जाने की सूचना दी गई थी। जब्त डोडा-पोस्त छगन पुत्र दलाराम, निवासी नोखड़ा, जिला बाड़मेर का बताया जा रहा है। छगन बाड़मेर इलाके में डोडा-पोस्त का एक बड़ा सप्लायर माना जाता है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और तस्करों के नेटवर्क के खिलाफ सबूत जुटा रही है।
जोधपुर रेंज के आईजी राजेश मीना ने बताया कि चुनावी मौसम में नशे की तस्करी बढ़ने की आशंका को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से मंदसौर और बाड़मेर के तस्करों के गैंग पर करारा प्रहार हुआ है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच जारी है।