जालोर में नवजात को झाड़ियों में फेंका: रोने की आवाज सुन ग्रामीणों ने बचाई जान, हालत गंभीर
जालोर के बागोड़ा थाना क्षेत्र में एक नवजात शिशु को जन्म के बाद झाड़ियों में फेंक दिया गया। रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बच्चे के शरीर पर चोट के निशान और कीड़े पाए गए, हालत गंभीर थी। पुलिस ने रेस्क्यू कर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को जालोर रेफर किया गया है और मामले की जांच जारी है।
राजस्थान के जालोर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बागोड़ा थाना क्षेत्र के धुंबड़िया गांव के पास एक नवजात शिशु को जन्म के तुरंत बाद झाड़ियों में फेंक दिया गया। बच्चे को सीमेंट के खाली कट्टे में डालकर कचरे और कांटों के बीच छोड़ दिया गया था, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई।
रोने की आवाज सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीण
मंगलवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच जवाई नदी के पास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में जाकर देखा तो झाड़ियों के बीच एक कट्टे में नवजात शिशु पड़ा हुआ मिला। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
शरीर पर चोट और कीड़े, हालत नाजुक
ग्रामीणों के अनुसार, नवजात के शरीर पर कीड़े रेंग रहे थे और मक्खियां भिनभिना रही थीं। कांटों के कारण उसके शरीर के कई हिस्सों में घाव हो गए थे। सिर, हाथ और पैरों पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे साफ है कि बच्चे को बेहद क्रूरता से फेंका गया था।
पुलिस ने किया रेस्क्यू, अस्पताल में भर्ती
सूचना मिलने पर बागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बागोड़ा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया।
डॉक्टरों ने बताई गंभीर स्थिति
सीएचसी बागोड़ा के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद बिश्नोई ने बताया कि बच्चे को अत्यंत खराब हालत में लाया गया था। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं और शुगर लेवल भी काफी कम था। प्राथमिक उपचार के बाद हालत स्थिर होने पर उसे आगे के इलाज के लिए जालोर रेफर किया गया है।
बाल कल्याण समिति को सूचना, जांच जारी
मामले की जानकारी बाल कल्याण समिति को दे दी गई है, ताकि बच्चे की देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वहीं पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई जा रही है।