सड़क किनारे खड़ी कार… अचानक उठा धुआं, फिर आग ने लिया ऐसा रुख कि देखते ही देखते मच गया हड़कंप!
भीलवाड़ा के सांगानेरी गेट इलाके में सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, बाद में फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
भीलवाड़ा शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र स्थित सांगानेरी गेट रोड पर आज उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार कई दिनों से उसी स्थान पर खड़ी थी। दोपहर के समय अचानक उसमें से धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते देख आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। लोगों ने बाल्टियों और केन में पानी भरकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर सुभाष नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार मालिक की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।