इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर शादी का वादा... शादी से मुकरा प्रेमी तो महाराष्ट्र से वाराणसी आई युवती ने उसी के घर पर खाया जहर!
महाराष्ट्र की एक 19 वर्षीय युवती इंस्टाग्राम पर हुए प्यार के खातिर अपना घर छोड़कर वाराणसी पहुंच गई। लेकिन जब प्रेमी के घरवालों ने शादी से इनकार कर उसे डांटा, तो उसने प्रेमी के ही घर पर खौफनाक कदम उठा लिया। जानिए क्या है ये पूरा मामला...
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर दोस्ती और फिर प्यार के बाद धोखे का एक बेहद हैरान करने वाला मामला वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र से सामने आया है। यहां महाराष्ट्र से अपने प्रेमी के घर शादी की जिद लेकर पहुंची एक 19 वर्षीय युवती ने प्रेमी के दरवाजे पर ही जहर (चूहा मारने की दवा) खाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
युवती की हालत बिगड़ने पर हड़कंप मच गया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी लव स्टोरी, शादी का था वादा
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के पालघर जिले की रहने वाली 19 वर्षीय चांदनी की पहचान करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र (पुराना पुल) के रहने वाले निहाल राजभर से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों में प्यार हो गया और युवती का आरोप है कि निहाल ने उससे शादी करने का पक्का वादा किया था।
इसी वादे के भरोसे करीब 25 दिन पहले भी चांदनी अपना घर छोड़कर वाराणसी आ गई थी और सीधे निहाल के घर पहुंच गई थी। हालांकि, उस समय युवक के घरवालों ने शादी से साफ मना कर दिया और आगे चलकर शादी कराने का झांसा देकर उसे वापस महाराष्ट्र भेज दिया था।
दोबारा वाराणसी आई तो मिली फटकार, चौराहे से खरीदी दवा
मंगलवार को चांदनी एक बार फिर महाराष्ट्र से ट्रेन पकड़कर वाराणसी पहुंची और सीधे अपने प्रेमी निहाल के घर चली गई। आरोप है कि इस बार लड़के के परिजनों ने उसे अपनाने के बजाय बुरी तरह फटकार लगाई और उसे तुरंत वहां से चले जाने को कहा।
प्रेमी और उसके परिवार के इस बर्ताव से आहत होकर चांदनी वहां से निकल गई। इसके बाद वह पास के पंचकोशी चौराहे पहुंची, जहां से उसने कथित रूप से चूहा मारने की दवा खरीदी। दवा लेकर वह दोबारा निहाल के घर पहुंची और परिजनों के सामने ही उसे खा लिया।
एसीपी और मजिस्ट्रेट पहुंचे अस्पताल, जांच में जुटी पुलिस
युवती को तड़पता देख प्रेमी के परिजनों के हाथ-पांव फूल गए और उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची सारनाथ थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चांदनी को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय और इलाके के मजिस्ट्रेट खुद अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों की मौजूदगी में युवती का आधिकारिक बयान दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं और सोशल मीडिया चैट की गहनता से जांच की जा रही है। युवती के बयान और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।