टॉयलेट में मिला 6 साल के मासूम का शव, हत्या का आरोप... चौथी के छात्र ने बताया रात में दो लोगों को गला दबाते देखा
बिहार के मधेपुरा जिले में एक निजी स्कूल के हॉस्टल में रह रहे 6 वर्षीय छात्र आनंद प्रेम का शव टॉयलेट में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
बिहार के मधेपुरा जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मुरलीगंज थाना क्षेत्र के खारी गांव स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले यूकेजी के 6 वर्षीय छात्र आनंद प्रेम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह उसका शव हॉस्टल के शौचालय में पाइप से गमछे के सहारे बंधा हुआ मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन मौके पर पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
चौथी कक्षा के छात्र ने सुनाई आंखों देखी घटना
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब हॉस्टल में रहने वाले चौथी कक्षा के छात्र आकाश कुमार ने पुलिस और परिजनों के सामने अहम बयान दिया।
आकाश के अनुसार, रात करीब 12 बजे उसकी नींद खुली तो उसने शौचालय के पास दो लोगों को आनंद प्रेम के गले में रस्सी बांधकर मारते हुए देखा। उसने बताया कि आनंद दर्द से तड़प रहा था और खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था।
आकाश डरते हुए तुरंत शिक्षकों को सूचना देने भागा, लेकिन जब वह वापस लौटा तो दोनों संदिग्ध व्यक्ति स्कूल के पीछे के रास्ते से फरार हो चुके थे। इस बयान के बाद हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है।
मां और दादी ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक बच्चे की मां गुंजन देवी और दादी ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।
परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह स्कूल संचालक सुनील कुमार ने फोन कर घटना की सूचना दी। जब वे स्कूल पहुंचे तो उन्हें मोबाइल फोन में बच्चे की तस्वीर दिखाई गई, जिसमें आनंद का शव शौचालय के अंदर पाइप से बंधा हुआ नजर आ रहा था।
परिवार का आरोप है कि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
हॉस्टल में कैसे हुई इतनी बड़ी घटना?
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर एक निजी स्कूल के हॉस्टल में इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई। यदि छात्र के बयान को सही माना जाए तो रात के समय स्कूल परिसर में बाहरी लोगों की मौजूदगी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
साथ ही यह भी जांच का विषय है कि घटना के दौरान हॉस्टल में तैनात जिम्मेदार लोग कहां थे और सुरक्षा व्यवस्था क्यों नाकाम रही।
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को सील कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष नूरुल हक ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस हॉस्टल स्टाफ, शिक्षकों और छात्रों से पूछताछ कर रही है।
इलाके में आक्रोश, न्याय की मांग
मासूम छात्र की मौत से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्कूल और हॉस्टल बच्चों की सुरक्षा के लिए होते हैं, लेकिन यदि वहां भी बच्चे सुरक्षित नहीं हैं तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।