भरतपुर में बेटे ने पिता की धारदार हथियार से हत्या, वारदात के बाद खुद ही गांव वालों को बुलाया
भरतपुर के नदबई क्षेत्र के भौसिंगा गांव में शराब के नशे में बेटे ने अपने पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शक से बचने के लिए खुद ही गांव वालों को बुलाया और फिर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
राजस्थान के भरतपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने शराब के नशे में अपने ही पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शक से बचने के लिए खुद ही गांव वालों को बुलाकर घटना की जानकारी दी, लेकिन बाद में मौके से फरार हो गया।यह घटना नदबई थाना क्षेत्र के भौसिंगा गांव की है। थाना अधिकारी अरुण सिंह के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव निवासी प्रेम सिंह (60) की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक प्रेम सिंह के बड़े बेटे कुंवर सिंह उर्फ गुड्डू ने ही इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय घर में पिता और बेटा ही मौजूद थे। वहीं, मृतक की पत्नी सुनीता अपने दूसरे बेटे हरेंद्र के साथ रविवार को दौसा गई हुई थी, जहां हरेंद्र को सिर में परेशानी के चलते डॉक्टर को दिखाना था। परिवार का छोटा बेटा भगत सिंह भरतपुर में एक होटल में नौकरी करता है।
बताया जा रहा है कि रविवार रात को गुड्डू शराब के नशे में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर पिता से उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने गुस्से में आकर धारदार हथियार से पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर शक न हो, इसके लिए सोमवार सुबह गांव वालों को बुलाकर पिता की मौत की जानकारी दी। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो प्रेम सिंह खून से लथपथ हालत में आंगन में पड़े मिले। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।घटना की जानकारी मिलने पर छोटे बेटे भगत सिंह को फोन किया गया, जिसके बाद वह तुरंत गांव पहुंचा और पुलिस को रिपोर्ट दी।