रिसेप्शन में कहासुनी के बाद युवक की चाकू से हत्या, 4 आरोपी शामिल; 2 नाबालिग राउंडअप
डीडवाना-कुचामन के जसवंतगढ़ में शादी के रिसेप्शन के दौरान कहासुनी के बाद 22 वर्षीय युवक सरफराज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना में चार युवक शामिल थे, जिनमें से दो नाबालिगों को पुलिस ने राउंडअप किया है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को विवाद की वजह माना जा रहा है।
डीडवाना-कुचामन जिले के जसवंतगढ़ कस्बे में एक शादी के रिसेप्शन के दौरान मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। गुरुवार रात करीब 10:30 बजे हुए इस घटनाक्रम में 22 वर्षीय युवक सरफराज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध नाबालिगों को राउंडअप किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, जसवंतगढ़ के वार्ड नंबर 1 स्थित तेलियों के मोहल्ले में पप्पू पुत्र मुनीर के घर शादी के बाद गुरुवार रात रिसेप्शन का आयोजन किया गया था। इस समारोह में सुजानगढ़ से भी कुछ युवक शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान सरफराज और मेहमान युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही किसी पुराने विवाद को लेकर रंजिश चल रही थी। इसी वजह से मामूली बहस ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। विवाद के दौरान सुजानगढ़ से आए युवकों में से एक ने सरफराज पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जसवंतगढ़ थानाधिकारी राजेश सियाग पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, इस वारदात में चार युवक शामिल थे, जो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। शुरुआती कार्रवाई में दो संदिग्धों को राउंडअप किया गया है, जिनकी उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चाकू से हमला किसने किया।
मृतक सरफराज सुजानगढ़ के खानपुर चांदपुर का निवासी था और प्लास्टिक तिरपाल का व्यापार करता था। घटना के बाद उसका शव मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया जारी है।