गंगापुरसिटी में मासूम को मौत के मुंह में छोड़ गया कोई अपना — सड़क किनारे मिली नवजात, इंसानियत फिर हुई शर्मसार.

गंगापुरसिटी में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक नवजात बालिका को जन्म के कुछ घंटे बाद ही सड़क किनारे छोड़ दिया गया। तड़के मासूम की रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और बच्ची की जान बचाई। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत स्थिर है। अब पुलिस और बाल कल्याण समिति इस मासूम के भविष्य की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जबकि लोग पूछ रहे हैं — “आखिर कौन छोड़ गया अपनी ही कली को सड़क पर तड़पने के लिए?”

Nov 8, 2025 - 18:55
गंगापुरसिटी में मासूम को मौत के मुंह में छोड़ गया कोई अपना — सड़क किनारे मिली नवजात, इंसानियत फिर हुई शर्मसार.

गंगापुरसिटी में एक बार फिर मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार तड़के बरनाला ग्राम पंचायत मुख्यालय के पास मालियों की ढाणी के नजदीक सड़क किनारे एक नवजात बालिका को लावारिस हालत में छोड़ा हुआ पाया गया। ठंडी हवाओं और अंधेरे के बीच मासूम की धीमी रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों का दिल पसीज गया और उन्होंने तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही बाटोदा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को तुरंत गंगापुरसिटी सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। थानाधिकारी फत्तेलाल ने बताया कि उन्हें सुबह सवा छह बजे सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने सवा सात बजे तक बच्ची को अस्पताल पहुंचाकर मेडिकल टीम को सौंप दिया।

आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार, नवजात का जन्म रात करीब तीन से चार बजे के बीच हुआ होगा। बच्ची के शरीर पर कपड़े बहुत हल्के थे और उसे ठंड से बचाने का कोई उचित इंतजाम नहीं था।

पुलिस ने इस घटना को लेकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में यह माना जा रहा है कि बच्ची को जन्म के तुरंत बाद ही वहां छोड़ दिया गया था।

थानाधिकारी फत्तेलाल ने कहा, “एक नवजात को इस तरह सड़क किनारे छोड़ देना बेहद अमानवीय है। यह समाज के लिए गहरी चिंता का विषय है। फिलहाल बच्ची सुरक्षित है और बाल कल्याण समिति को सूचना दे दी गई है ताकि उसके संरक्षण और भविष्य के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।”

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को भावुक और आक्रोशित कर दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कोई मां-बाप अपने ही लहू के टुकड़े को इस तरह कैसे छोड़ सकते हैं।