बाड़मेर में भीषण सड़क हादसा: 36 बच्चों से भरी स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 10 घायल—5 की हालत गंभीर
बाड़मेर के बायतू में नेशनल हाईवे-25 पर स्कूल बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में 36 बच्चों में से 10 घायल हो गए। सभी को बालोतरा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
राजस्थान के बाड़मेर जिले के बायतू क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। नेशनल हाईवे-25 पर बायतू पेट्रोल पंप के पास एक स्कूल बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि बायतू स्थित सरस्वती स्कूल की निजी बस में कुल 36 स्कूली बच्चे सवार थे। तभी पीछे से कूलर से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस बुरी तरह झटके खाकर असंतुलित हो गई और कई बच्चे सीटों से गिर पड़े।
इस हादसे में 10 बच्चे घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य बच्चों के हाथ-पैरों में फ्रैक्चर और दांत टूटने की खबर है। सभी घायलों को तुरंत बालोतरा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू कर दिया। राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए बच्चों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। मौके पर SDM अशोक विश्नोई, DSP अनिल पुरोहित और CI हिंगलाजदान पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, बाड़मेर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। बायतू थानाधिकारी मनोहर विश्नोई के अनुसार, ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी थी, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
इस बीच बाड़मेर के एसपी चूनाराम जाट भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
यह हादसा एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर स्पीड कंट्रोल और सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।