NEET पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर उतरी CJP, अभिजीत दीपके बोले- “आखिरी सांस तक लड़ेंगे”

NEET पेपर लीक और परीक्षा गड़बड़ियों के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन किया।

Jun 6, 2026 - 13:58
NEET पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर उतरी CJP, अभिजीत दीपके बोले- “आखिरी सांस तक लड़ेंगे”

नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को NEET पेपर लीक और अन्य परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। यह विरोध प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से किया गया, जिसकी अगुवाई पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने की।

अभिजीत दीपके अमेरिका से सीधे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हो गए। उन्होंने मंच से सरकार और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक दिन की नहीं बल्कि लंबी चलने वाली है।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। कुछ बुजुर्ग भी अपने बच्चों के साथ इस आंदोलन में पहुंचे। भीड़ में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने की अपील की।

CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि भारत लौटते समय उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे वे अपनी आजादी के सबसे आखिरी पल जी रहे हों। उन्होंने कहा कि सरकार सोशल मीडिया पोस्ट हटा सकती है, लेकिन आवाज को दबा नहीं सकती।

प्रदर्शन स्थल पर नेटवर्क की समस्या और सुरक्षा को लेकर भी कई चुनौतियां देखने को मिलीं। इस दौरान एक व्यक्ति कथित तौर पर ‘कीटनाशक स्प्रे’ लेकर पहुंचा, जिसे बाद में समर्थकों ने बाहर कर दिया।

अभिजीत ने अपने संबोधन में कहा कि यह आंदोलन युवाओं की आवाज है और इसे किसी भी हालत में दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर उनके आंदोलन को भारी समर्थन मिल रहा है और 24 घंटे में लाखों नए फॉलोअर्स जुड़े हैं।

प्रदर्शन के दौरान कई बार शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी हुई। अभिजीत ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय में छात्रों की आत्महत्या जैसे गंभीर मामले सामने आए हैं, जिन पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

CJP की ओर से पहले ही घोषणा की गई थी कि यह आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा और इसमें किसी भी प्रकार की हिंसा या उपद्रव शामिल नहीं होगा। संगठन ने समर्थकों से अपील की कि वे केवल पानी की बोतल और मोबाइल लेकर ही आएं और किसी भी तरह की भड़काऊ वस्तुओं से बचें।

दिल्ली पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और जंतर-मंतर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

CJP अभी राजनीतिक पार्टी के रूप में पूरी तरह स्थापित नहीं है, लेकिन लगातार हो रहे प्रदर्शनों और जन समर्थन के कारण इसे एक उभरते आंदोलन के रूप में देखा जा रहा है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।