सांवलिया सेठ के दर्शन को जा रहे कॉलेज छात्रों की कार खंभे से टकराई... कुत्ते को बचाने के प्रयास में हादसा

हरियाणा के फरीदाबाद से सांवलिया सेठ के दर्शन करने निकले चार कॉलेज छात्रों की कार टोंक में कुत्ते को बचाने के प्रयास में खंभे से टकरा गई।

Jun 6, 2026 - 16:29
सांवलिया सेठ के दर्शन को जा रहे कॉलेज छात्रों की कार खंभे से टकराई... कुत्ते को बचाने के प्रयास में हादसा

राजस्थान के टोंक जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के एक कॉलेज छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके तीन दोस्त घायल हो गए। चारों दोस्त कार से चित्तौड़गढ़ स्थित प्रसिद्ध सांवलिया सेठ मंदिर के दर्शन करने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से टकरा गई।

हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर गंभीर चोटें लग गईं।

फरीदाबाद से दर्शन के लिए निकले थे चार दोस्त

टोंक सदर थाना पुलिस के अनुसार, हरियाणा के फरीदाबाद स्थित गांधी कॉलोनी निवासी जय सतीजा (20) अपने दोस्तों हर्ष, अभय और यश के साथ शुक्रवार रात टियागो कार में सांवलिया सेठ के दर्शन करने के लिए रवाना हुआ था।

चारों दोस्त कॉलेज छात्र बताए जा रहे हैं और धार्मिक यात्रा पर निकले थे। यात्रा के दौरान शनिवार सुबह करीब 4 बजे उनकी कार टोंक जिले से गुजर रही थी।

अचानक सामने आया कुत्ता, बेकाबू हुई कार

घायलों ने पुलिस को बताया कि जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे-52 पर ओशियन होटल के सामने अचानक एक कुत्ता कार के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने गाड़ी मोड़ने की कोशिश की, लेकिन कार का संतुलन बिगड़ गया।

कुछ ही सेकंड में कार सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सिर में गंभीर चोट लगने से छात्र की मौत

हादसे में कार चला रहे जय सतीजा के सिर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत चारों युवकों को कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को टोंक के सआदत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जय को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके तीनों दोस्तों को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए हरियाणा ले गए।

परिवार का इकलौता बेटा था जय

जानकारी के अनुसार, मृतक जय सतीजा अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटी बहन भी है। बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने के दौरान वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।