पुरानी रंजिश में थप्पड़ का बदला लेने घर में घुसकर मारा... खाना खाते परिवार पर लाठी-सरियों से वार
पाली के नया खेड़ा गांव में पुरानी रंजिश और थप्पड़ का बदला लेने के लिए एक परिवार पर घर में घुसकर लाठी-सरियों से हमला किया गया।
पाली जिले के तख्तगढ़ थाना क्षेत्र के नया खेड़ा गांव में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने थप्पड़ का बदला लेने के लिए एक परिवार के घर में घुसकर हमला कर दिया।
पीड़ित परिवार उस समय घर में खाना खा रहा था, तभी हमलावर लाठी और लोहे के सरिए लेकर अंदर घुस आए और बिना किसी चेतावनी के मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई।
इस हमले में पीराराम मेघवाल (65), उनकी पत्नी दुर्गा देवी (60) और बेटी संतोष कुमारी (25) घायल हो गए। हमले के दौरान संतोष कुमारी के हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हो गया, जबकि दोनों बुजुर्गों को भी चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तख्तगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों की हालत गंभीर होने पर सुमेरपुर रेफर कर दिया गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि करीब एक महीने पहले हुए विवाद में एक युवक को थप्पड़ मारने की घटना के बाद से ही रंजिश चल रही थी, और उसी का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।