Udaipur: अवैध डोडा पोस्त जप्त कर दो आरोपियों को किया गिरफ्तार....
नाकाबंदी के बीच अचानक तेज रफ्तार SUV ने तोड़ा बैरिकेड… पुलिस ने बिछाया ऐसा जाल कि कुछ ही मिनटों में खुल गया 230 किलो डोडा चूरा तस्करी का बड़ा राज!
उदयपुर जिले के सलूम्बर क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई उस वक्त हुई जब आरोपी नाकाबंदी तोड़कर तेज रफ्तार में भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सूझबूझ के आगे उनकी एक नहीं चली।
घटना शुक्रवार सुबह सलूम्बर के कूण थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत सख्त नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की SUV को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन ड्राइवर ने वाहन रोकने के बजाय स्पीड बढ़ा दी और बैरिकेड तोड़कर फरार होने लगा।
पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए सड़क पर ‘स्टॉप स्टिक’ (कील वाली पट्टी) बिछा दी। इससे SUV के टायर पंचर हो गए और कुछ दूरी पर ही गाड़ी रुक गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जालोर जिले के भजनलाल विश्नोई (27) और राम विश्नोई (32) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस को कार की सीटों के नीचे और डिक्की में छिपाकर रखे गए 12 प्लास्टिक के कट्टे मिले।
इन कट्टों में कुल 229 किलो 650 ग्राम अवैध डोडा चूरा भरा हुआ था। आरोपियों से जब इस माल के संबंध में दस्तावेज या लाइसेंस मांगा गया, तो वे कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया और आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी निलेश कुमार मीणा के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस अब पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी हुई है।