बदमाशों से बचने भागे व्यापारी की पिकअप बनी काल: मां की मौके पर मौत, गर्भवती बेटी गंभीर
झुंझुनूं के चिड़ावा में बदमाशों से बचने के दौरान भाग रहे एक व्यापारी की पिकअप की चपेट में मां-बेटी आ गईं। हादसे में मां की मौके पर मौत हो गई, जबकि गर्भवती बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस यह जांच कर रही है कि टक्कर किस गाड़ी से लगी।
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा इलाके में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां बदमाशों से बचने के दौरान भाग रहे एक बर्तन व्यापारी की गाड़ी ने सड़क किनारे पैदल चल रही मां-बेटी को चपेट में ले लिया। हादसे में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गर्भवती बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए झुंझुनूं रेफर किया गया है।
घटना 1 मई की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच चिड़ावा के सूरजगढ़ मोड़ पर हुई। पुलिस के अनुसार, शहर के बर्तन व्यापारी महावीर महरिया का कुछ लोगों से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात जब वह दुकान बंद कर अपनी पिकअप से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में बोलेरो समेत अन्य वाहनों में सवार 7-8 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाश लोहे की सरियों और रॉड से लैस थे और उन्होंने व्यापारी की गाड़ी पर हमला कर दिया। हमले के दौरान व्यापारी ने खुद को बचाने के लिए गाड़ी तेज गति से भगा दी। इसी दौरान बदमाश भी बोलेरो से उसका पीछा करने लगे। अफरा-तफरी में व्यापारी की पिकअप अनियंत्रित हो गई और दीवार से जा टकराई।
इसी बीच सड़क किनारे पैदल चल रही मां-बेटी इस भगदड़ की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मां संतोष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी गर्भवती बेटी मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, पुहानिया निवासी सुरेश अपनी पत्नी संतोष और गर्भवती बेटी मोनिका को डॉक्टर को दिखाने चिड़ावा लाए थे। इलाज के बाद तीनों पैदल ही वापस गांव लौट रहे थे। सूरजगढ़ मोड़ से करीब 100 मीटर आगे बढ़ते ही यह हादसा हो गया। सुरेश थोड़ी दूरी पर होने के कारण बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा थाने के एसआई कैलाश चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मां-बेटी को टक्कर व्यापारी की पिकअप ने मारी या पीछा कर रही बदमाशों की बोलेरो ने। इस संबंध में जांच जारी है।