बालोतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध बजरी से भरे 4 डंपर जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार
अंधेरे में चल रही संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस ने अचानक कार्रवाई की… जांच में ऐसा खुलासा हुआ जिसने पूरे नेटवर्क की परतें खोल दीं।
राजस्थान के बालोतरा क्षेत्र में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने अवैध रूप से बजरी परिवहन कर रहे चार डंपरों को जब्त किया और मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक रमेश ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अवैध खनन और उससे जुड़े नेटवर्क पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह और पचपदरा डीएसपी विकास कुमार के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
कल्याणपुर थानाधिकारी भंवरसिंह के नेतृत्व में डीएसटी टीम और स्थानीय पुलिस ने पिंडारण गांव में संयुक्त रूप से दबिश दी। टीम ने बजरी से भरे वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान चारों डंपर चालकों के पास न तो वैध रवन्ना मिला और न ही कोई परिवहन परमिट।
इस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों डंपरों को जब्त कर लिया और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गफूर खान (निवासी जवारहपुरा, पचपदरा), मदनलाल (निवासी सरवड़ी), चुतराराम (निवासी कल्याणपुर) और भंवराराम (निवासी थोरियों की ढाणी, नागाणा मंडली) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अवैध बजरी खनन और परिवहन का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि बजरी माफिया के बड़े नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों का खुलासा किया जा सके।
इस कार्रवाई में डीएसटी के एएसआई आईदानराम, उदयसिंह, धर्मेंद्र कुमार, मुकेश कुमार और पचपदरा थाने के एएसआई जामीन खान सहित कांस्टेबल हरिराम और अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।