तीन दिन समझाया, चौथे दिन चला डंडा... राजस्थान पुलिस की बड़ी कार्रवाई
राजस्थान पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाते हुए ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले हजारों वाहन चालकों पर कार्रवाई की है।
राजस्थान में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। महानिदेशक पुलिस (DGP) राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर पूरे प्रदेश में विशेष ट्रैफिक प्रवर्तन अभियान चलाया गया, जिसके तहत नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना है।
पहले जागरूकता, फिर कार्रवाई
राजस्थान पुलिस ने अभियान शुरू करने से पहले लगातार तीन दिनों तक वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान लोगों को समझाइश दी गई कि वे अपने वाहनों से अवैध मॉडिफिकेशन हटाएं, काली फिल्म निकालें और नंबर प्लेट को नियमानुसार रखें।
इसके बाद चौथे दिन से पूरे प्रदेश में एक साथ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पहले ही दिन हजारों वाहन कार्रवाई की जद में
विशेष अभियान के पहले दिन ही पुलिस ने कुल 4,869 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। सबसे ज्यादा कार्रवाई वाहनों पर लगी काली फिल्म के खिलाफ देखने को मिली।
किन नियम उल्लंघनों पर हुई कार्रवाई?
अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न श्रेणियों में कार्रवाई की:
- 2,246 वाहन काली फिल्म लगे होने के कारण पकड़े गए।
- 1,372 वाहन नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के साथ पाए गए।
- 512 वाहन अवैध मॉडिफिकेशन के चलते कार्रवाई की जद में आए।
- 313 वाहन चालकों पर अनधिकृत पदनाम, शब्द और स्टिकर लगाने के कारण कार्रवाई हुई।
- 214 वाहन लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर या हूटर का गलत उपयोग करते पाए गए।
- 212 वाहन प्रेशर हॉर्न और एयर हॉर्न का इस्तेमाल करते मिले।
सड़क सुरक्षा पर पुलिस का फोकस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई बार वाहन चालक फैशन, प्रभाव दिखाने या पहचान जताने के लिए ऐसे बदलाव कर लेते हैं जो कानून के खिलाफ होते हैं और सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते हैं। विशेष रूप से अवैध हूटर, प्रेशर हॉर्न, काली फिल्म और गलत नंबर प्लेटें कानून व्यवस्था और यातायात नियंत्रण में बाधा उत्पन्न करती हैं।
DGP का स्पष्ट संदेश
राजस्थान पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि यातायात नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों को नियमों के अनुरूप रखें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस मुख्यालय के अनुसार यह विशेष प्रवर्तन अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। प्रदेशभर में अलग-अलग जिलों में निरीक्षण और कार्रवाई का सिलसिला लगातार चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजस्थान पुलिस का संदेश साफ है "सड़क पर नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।"