पंचना बांध विवाद गरमाया: पानी नहीं छोड़ा तो 28 जून को रेल रोको आंदोलन का ऐलान, किसानों की महापंचायत में बड़ा फैसला
करौली के पंचना बांध से नहरों में पानी छोड़ने की मांग को लेकर किसानों ने महापंचायत कर 28 जून को रेल रोक आंदोलन का ऐलान किया है।
वजीरपुर/करौली: पंचना बांध से कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद पानी नहीं छोड़े जाने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को खण्डीप में विशाल किसान महापंचायत की। बैठक में सरकार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बड़े आंदोलन का ऐलान किया गया।
महापंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि 27 जून तक पंचना बांध से नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया, तो 28 जून को रेलवे ट्रैक जाम किया जाएगा। इसके साथ ही किसानों ने यह भी घोषणा की कि वे अपनी मांगों का ज्ञापन सीधे कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को सौंपेंगे।
आंदोलन को और मजबूत करने के लिए 27 जून तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने का फैसला किया गया है। किसानों ने कहा कि इस दौरान हर गांव से रोजाना धरना दिया जाएगा और आंदोलन को लगातार जारी रखा जाएगा।
महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान और कमांड एरिया के ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया, जिनमें गंगापुर विधायक रामकेश मीणा, पूर्व विधायक लाखन सिंह मीणा और टोडाभीम विधायक घनश्याम महर शामिल रहे।
विधायक रामकेश मीणा ने कहा कि यह लड़ाई किसानों के अधिकारों की है और सरकार को न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए तुरंत नहरों में पानी छोड़ना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि जब तक कृषि मंत्री मौके पर नहीं आते, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा।
किसानों ने महापंचायत में नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया। धरना स्थल पर भोजन और रहने की व्यवस्था भी की गई है, जिससे ग्रामीण लगातार आंदोलन में जुड़े रहें।