बानसूर में दबंगों की दरिंदगी: हॉर्न बजाने पर गर्भवती महिला और देवर को बेरहमी से पीटा, CCTV में कैद वारदात
राजस्थान के बानसूर में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां दबंगों ने 3.5 महीने की गर्भवती महिला और उसके देवर पर जानलेवा हमला कर दिया।
बानसूर (कोटपूतली-बहरोड़): राजस्थान के बानसूर कस्बे से मानवता को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है। गुरुवार रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दबंगों ने एक साढ़े तीन महीने की गर्भवती महिला और उसके देवर पर जानलेवा हमला कर दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अस्पताल से लौटते वक्त हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक अपनी गर्भवती भाभी को चेकअप के लिए अस्पताल लेकर गया था। वापस लौटते समय अलवर रोड बाईपास पर बाइक सवार कुछ युवकों से साइड मांगने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह मामूली विवाद झगड़े में बदल गया।
फोन कर बुलाए साथी, सरेराह हमला
आरोप है कि पहले से मौजूद युवकों ने फोन कर अपने 4-5 साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में हमलावर स्विफ्ट कार और बाइक से पहुंचे और देवर-भाभी पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने बेरहमी की हद पार करते हुए गर्भवती महिला को भी नहीं छोड़ा।
मारपीट के दौरान महिला गिर गई, जिससे उसके पेट में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर ही तड़पने लगी। गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
वाहन छोड़कर फरार हुए आरोपी
घटना के दौरान जब मौके पर भीड़ जमा होने लगी, तो हमलावर अपनी कार और बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए। घटना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
CCTV के आधार पर तलाश जारी
बानसूर थाने के एएसआई धर्मपाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी तलाश जारी है। पुलिस ने जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।