मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: चलती कार बनी आग का गोला, 5 लोग जिंदा जले
अलवर में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चलती कार में आग लगने से 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मौजपुर थाना क्षेत्र के पास पिलर नंबर 115/300 पर चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह आग का गोला बन गई और उसमें सवार लोग बाहर निकल नहीं पाए।
पुलिस के अनुसार, कार दिल्ली से कोटा की ओर जा रही थी। इसी दौरान अज्ञात कारणों से वाहन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में मौजूद यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
5 लोगों की दर्दनाक मौत
इस हादसे में एमपी के श्योपुर निवासी तीन महिलाएं, एक बच्ची और एक पुरुष सहित कुल 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, कार चला रहा विनोद कुमार मेहर किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया।
तीन दमकलों ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। लक्ष्मणगढ़ पुलिस और दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
अधिकारियों ने लिया जायजा
सूचना मिलते ही डीएसपी कैलाश जिंदल और बाद में एसपी सुधीर चौधरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। घायल चालक को पहले सीएचसी पिनान ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।