उदयपुर में अचानक उस मोड़ पर ऐसा क्या हुआ कि तीन जिंदगियां खत्म हो गईं? गांव में मचा हाहाकार, जानिए पूरा मामला
एक पल की चूक… और फिर सड़क पर मच गई चीख-पुकार। उदयपुर में हुए इस दर्दनाक हादसे ने तीन जिंदगियां छीन लीं, लेकिन आखिर कैसे हुआ ये सब—पूरे गांव में यही सवाल गूंज रहा है।
उदयपुर। जिले के टीडी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कगरा पड़ूणा गांव के पास बेकाबू ट्रैक्टर की चपेट में आने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे कगरा पड़ूणा निवासी राकेश (29) पुत्र जगा मीणा और प्रकाश (24) पुत्र रामलाल मीणा बाइक से अपने गांव की ओर जा रहे थे। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आड़ा पुलिया के पास दोनों का मित्र गोमाराम (24) पुत्र भगवतीलाल मीणा उनसे मिला। तीनों वहीं रुककर आपस में बातचीत करने लगे।
इसी दौरान पास के कच्चे रास्ते से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर चालक ने अचानक वाहन पर नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर सीधे तीनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए टीडी उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर के एमबी चिकित्सालय रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
आठ बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इस हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक राकेश की दो छोटी बेटियां हैं, जिनमें एक आठ माह की और दूसरी तीन साल की है। वहीं प्रकाश के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। गोमाराम अविवाहित था। इस हादसे में कुल आठ बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
ट्रैक्टर चालक फरार, पुलिस जांच जारी
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मृतक राकेश के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।
गांव में मातम का माहौल
तीनों युवकों की मौत के बाद कगरा पड़ूणा गांव में मातम पसर गया है। हर घर में शोक का माहौल है और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।