50 रुपए की पार्किंग फीस पर बवाल: रानी रेलवे स्टेशन पर विवाद के बाद मारपीट, कार मालिक घायल
पाली के रानी रेलवे स्टेशन पर 50 रुपए के पार्किंग शुल्क को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान कार मालिक के सिर पर चोट लग गई। पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर समझाइश के बाद छोड़ दिया।
पाली जिले के रानी रेलवे स्टेशन पर महज 50 रुपए के पार्किंग शुल्क को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान कार मालिक के सिर पर चोट लगने से खून निकल आया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 10:45 बजे की है। नाडोल निवासी भरत सिरवी अपने परिवार के सदस्यों—बहन, भांजी और भाई—को मुंबई जाने के लिए स्टेशन छोड़ने आए थे। इसी दौरान पार्किंग शुल्क पहले जमा कराने को लेकर उनकी पार्किंग कर्मचारी से कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि कार मालिक पहले अपने परिजनों को गाड़ी से उतारना चाहते थे, जबकि पार्किंग कर्मचारी पहले शुल्क जमा करने की बात पर अड़ा हुआ था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि कहासुनी के दौरान कार मालिक ने गुस्से में आकर पार्किंग कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मामला और बिगड़ गया। पार्किंग कर्मचारी के साथी और परिजन मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी।घटना के दौरान पास में खड़े एक टैक्सी चालक ने भी हस्तक्षेप किया और डंडे से वार कर दिया, जिससे भरत सिरवी के सिर पर चोट लग गई और खून बहने लगा। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। घायल को तुरंत रानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।पुलिस ने मामले में एक पार्किंग कर्मचारी और कार मालिक को हिरासत में लिया, हालांकि बाद में दोनों को समझाइश के बाद रात में ही छोड़ दिया गया।
वहीं, टैक्सी यूनियन के एक सदस्य के अनुसार, पूरे विवाद की शुरुआत सिर्फ 50 रुपए के पार्किंग शुल्क को लेकर हुई थी, जो बाद में झगड़े का कारण बन गई।