शादी से लौटते वक्त ऐसा क्या हुआ कि गांव में मच गया कोहराम? सरपंच और भाई की दर्दनाक मौत से हड़कंप

शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं… लौटते वक्त ऐसा क्या हुआ कि सरपंच और उनके भाई की जान चली गई...

Apr 22, 2026 - 17:29
शादी से लौटते वक्त ऐसा क्या हुआ कि गांव में मच गया कोहराम? सरपंच और भाई की दर्दनाक मौत से हड़कंप

बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुआ एक भीषण सड़क हादसा पूरे इलाके के लिए सदमे का कारण बन गया। नेशनल हाईवे-68 पर ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर में कानासर ग्राम पंचायत के सरपंच लक्ष्मण प्रसाद और उनके चचेरे भाई लक्ष्मण राम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

 शादी से लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होकर रात करीब 1 बजे अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में गूंगा गांव के पास पेट्रोल पंप के नजदीक यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान बाइक सवार सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल पहुंचते ही दो को मृत घोषित किया गया

सूचना मिलते ही शिव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने लक्ष्मण प्रसाद और लक्ष्मण राम को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक उम्मेदाराम की हालत गंभीर होने पर उसे बाड़मेर और फिर जोधपुर रेफर किया गया है।

 गांव में छाया मातम

दो युवकों की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे कानासर में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के दो चिराग बुझने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और ट्रक को जब्त कर लिया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी चालक की तलाश जारी है।

यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों की ओर इशारा करता है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground