सुसाइड नोट छोड़कर दो बेटियों संग महिला लापता, नहर किनारे मिले कपड़े गहने...
बीकानेर के छतरगढ़ क्षेत्र में एक महिला अपनी दो बेटियों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। इंदिरा गांधी नहर के किनारे उसके चप्पल, लुगड़ी, ज्वेलरी और एक सुसाइड नोट मिला है। नोट में महिला ने पति और सास पर मारपीट व प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोर नहर में महिला और बच्चियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
बीकानेर (राजस्थान) 7 मार्च 2026 :- बीकानेर जिले में एक महिला के अपनी दो मासूम बेटियों के साथ लापता होने का मामला सामने आया है। महिला का सुसाइड नोट मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि उसने दोनों बेटियों के साथ नहर में छलांग लगा दी होगी। घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन देर शाम तक महिला और बच्चियों का कोई पता नहीं चल सका है।
नहर किनारे मिले सामान से बढ़ी आशंका
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे छतरगढ़ थाना क्षेत्र में सतासर के पास इंदिरा गांधी नहर के किनारे महिला की चप्पल, लुगड़ी (ओढ़नी) और कुछ आभूषण पड़े मिले। वहीं एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसे गले के हार के साथ दबाकर रखा गया था। स्थानीय लोगों ने यह सामान देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सुसाइड नोट में लगाए प्रताड़ना के आरोप
सुसाइड नोट में महिला ने अपने पति और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने लिखा है कि पिछले करीब एक साल से उसके साथ लगातार मारपीट की जा रही थी। पति रोज गाली-गलौच करता था और सास भी उसके साथ मिलकर उसे पीटती थी। महिला के अनुसार कई बार इतनी बुरी तरह से मारपीट की गई कि वह बेहोश तक हो गई।
नोट में यह भी लिखा गया है कि जब उसने पुलिस में शिकायत करने की कोशिश की तो सास ने उसे रोक लिया और पति को बुलाकर कमरे में बंद कर दिया गया, जहां उसके साथ फिर मारपीट की गई। महिला ने आरोप लगाया कि उसे अपने मायके जाने तक की अनुमति नहीं दी जाती थी और वह लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी।
बेटियों के भविष्य की चिंता जताई
सुसाइड नोट में महिला ने अपनी दोनों बेटियों का जिक्र करते हुए लिखा कि वह उन्हें अपने साथ ले जा रही है, क्योंकि उसके बाद उनकी देखभाल कौन करेगा। उसने सास को शराब का आदी बताते हुए बेटियों के भविष्य को लेकर चिंता जताई है।
महिला ने पुलिस से अपील भी की है कि उसकी मौत के लिए केवल उसके पति और सास को ही जिम्मेदार माना जाए और किसी अन्य व्यक्ति को इस मामले में झूठा दोषी न ठहराया जाए।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम कर रही तलाश
खाजूवाला डीएसपी अमरजीत चावला के अनुसार नहर किनारे महिला का सामान और सुसाइड नोट मिलने के बाद तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह के नेतृत्व में आसपास के क्षेत्र में जांच की जा रही है। वहीं नहर में महिला और बच्चियों की तलाश के लिए एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद ली जा रही है।
ग्रामीण भी कर रहे मदद
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण भी अपने स्तर पर महिला और बच्चियों की तलाश में पुलिस की मदद कर रहे हैं। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही सुसाइड नोट में लिखी बातों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन जारी है और महिला तथा उसकी दोनों बेटियों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।