श्रीगंगानगर में बीजेपी नेता और अफसर की भिड़ंत, आखिर किसने किसको पीटा? जानिए पूरा मामला
श्रीगंगानगर में भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी और RUIDP AEN जगनलाल बैरवा के बीच विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। पहले विधायक ने अधिकारियों पर हमला करने का आरोप लगाया था, लेकिन अब जमानत पर बाहर आए AEN ने दावा किया है कि उन्हें बुलाकर बेरहमी से पीटा गया, नई शर्ट पहनाकर पुलिस के हवाले किया गया। आखिर सच कौन बोल रहा है?
राजस्थान के श्रीगंगानगर में भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी और राजस्थान अरबन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (RUIDP) के अधिकारियों के बीच विवाद अब लगातार गहराता जा रहा है। शुक्रवार को इस मामले ने नया मोड़ तब ले लिया, जब जमानत मिलने के बाद बाहर आए RUIDP के AEN जगनलाल बैरवा ने विधायक और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए। जिला परिषद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए AEN जगनलाल बैरवा फटी हुई बनियान में पहुंचे। उन्होंने अपनी आंख की चोट दिखाते हुए दावा किया कि विधायक और उनके समर्थकों ने उन्हें बेरहमी से पीटा। बैरवा ने आरोप लगाया कि पहले उन्हें जमीन पर गिराया गया, फिर लात-घूंसों से हमला किया गया और पाइप से भी मारा गया। AEN ने कहा कि घटना के बाद उन्हें नई शर्ट पहनाकर पुलिस के हवाले किया गया, ताकि मारपीट के निशान सामने न आएं और मामला सामान्य दिखे।
“विधायक के फोन से बुलाया गया”
जगनलाल बैरवा के मुताबिक, गुरुवार सुबह उन्हें RUIDP के एक्सईएन मोनिंद्रजीत सिंह और AEN कृष्ण धारीवाल ने एसडी बिहाणी कॉलेज स्थित विधायक सेवा केंद्र बुलाया था। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 11:30 बजे विधायक के फोन से कॉल आया, जिसमें उन्हें तुरंत पहुंचने के लिए कहा गया। बैरवा का कहना है कि जैसे ही वे एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर शहनवाज हसन और इंजीनियर सोहम परमार के साथ वहां पहुंचे, विधायक बाहर जाने के लिए गाड़ी में बैठ रहे थे। “मैं विधायक से बात करने के लिए आगे बढ़ा ही था कि उन्होंने अचानक थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। गालियां दी गईं और फिर समर्थकों ने जमीन पर पटक दिया। विधायक खुद भी लगातार लातें मारते रहे,” बैरवा ने आरोप लगाया।
“अब एक आंख से ठीक से दिखाई नहीं दे रहा”
AEN बैरवा ने दावा किया कि इस हमले में उनकी आंख गंभीर रूप से चोटिल हुई है और अब उन्हें एक आंख से साफ दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने यह भी बताया कि उनके बाएं पैर का अंगूठा भी टूट गया है। बैरवा ने विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बेटी गले लगकर रो पड़ी
जमानत मिलने के बाद जब AEN जगनलाल बैरवा बाहर आए तो उनकी बेटी पिता से लिपटकर रोने लगी। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया। एलएंडटी के मैनेजर शहनवाज हसन और इंजीनियर सोहम परमार को भी अदालत से जमानत मिल गई।
इंजीनियर संगठन ने दी चेतावनी
Rajasthan Council of Diploma Engineers के प्रदेशाध्यक्ष बलराम जाखड़ ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों को मीटिंग के बहाने बुलाया गया और उनके मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए, ताकि घटना का वीडियो रिकॉर्ड न हो सके। जाखड़ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे राजस्थान में इंजीनियर कार्य बहिष्कार कर उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा, “अगर न्याय नहीं मिला तो पूरे प्रदेश में ईंट से ईंट बजा देंगे।”
विधायक ने भी लगाए थे आरोप
इस मामले की शुरुआत तब हुई जब भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी ने खुद आरोप लगाया था कि जनसुनवाई के दौरान AEN समेत तीन अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की।विधायक का कहना था कि उनके चेहरे और आंख पर चोट आई और उनका चश्मा भी टूट गया। विधायक की शिकायत के आधार पर जवाहर नगर थाना पुलिस ने RUIDP के AEN जगनलाल बैरवा, प्रोजेक्ट मैनेजर शहनवाज हसन और L&T कंपनी के प्लानिंग मैनेजर सोहम परमार को गिरफ्तार किया था। अब जमानत के बाद अधिकारियों के पलटवार ने इस पूरे मामले को राजनीतिक और प्रशासनिक टकराव में बदल दिया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।