शादी के 4 महीने बाद युवक ने जहर खाकर दी जान, पत्नी और उसके जीजा पर प्रताड़ना का आरोप

सीकर जिले के जीणमाता थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय युवक ने कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवक की शादी चार महीने पहले हुई थी। परिजनों ने पत्नी, उसके जीजा और एक अन्य युवक पर अवैध संबंध और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Mar 20, 2026 - 16:39
शादी के 4 महीने बाद युवक ने जहर खाकर दी जान, पत्नी और उसके जीजा पर प्रताड़ना का आरोप

राजस्थान के सीकर जिले में एक 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, वहीं मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी, पत्नी के जीजा और एक अन्य युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना सीकर के जीणमाता थाना इलाके की है, जहां हर्ष पहाड़ी पर बुधवार शाम युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। मृतक के भाई ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि युवक की पत्नी के अपने जीजा के साथ अवैध संबंध थे और इस बात को लेकर मृतक को लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था।

परिजनों के अनुसार, मृतक 16 मार्च को घर से यह कहकर निकला था कि वह अस्पताल जा रहा है, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

बुधवार शाम को हर्ष पहाड़ी स्थित वॉच टावर के पास मृतक की बाइक खड़ी मिली। बाइक से करीब 200 मीटर दूर युवक का शव पड़ा हुआ था। घटनास्थल से एक जहर की शीशी भी बरामद हुई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक ने जहर खाकर आत्महत्या की।

मृतक के भाई का आरोप है कि उसकी पत्नी, उसका जीजा और एक अन्य युवक उसे लगातार धमकाते थे और झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कहते थे। इसी मानसिक दबाव के चलते युवक ने यह कदम उठाया।

जीणमाता थाना प्रभारी राकेश कुमार मीणा के अनुसार, परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। रिपोर्ट में पत्नी और उसके जीजा के संबंधों का जिक्र किया गया है, साथ ही एक अन्य युवक द्वारा धमकाने की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.