सीकर के खाटूश्यामजी अस्पताल से बोलेरो चोरी, CCTV में कैद नकाबपोश चोर

सीकर के खाटूश्यामजी उप जिला अस्पताल से लैब टेक्नीशियन की बोलेरो गाड़ी देर रात चोरी, CCTV में कैद दो नकाबपोश चोर, पुलिस जांच में जुटी।

Mar 22, 2026 - 11:36
सीकर के खाटूश्यामजी अस्पताल से बोलेरो चोरी, CCTV में कैद नकाबपोश चोर

सीकर | जिले के खाटूश्यामजी उप जिला अस्पताल से चोरी की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां अस्पताल परिसर में खड़ी लैब टेक्नीशियन की बोलेरो गाड़ी को अज्ञात चोरों ने देर रात चोरी कर लिया। पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल में कार्यरत लैब टेक्नीशियन रामचंद्र बाजिया अस्पताल परिसर में बने क्वार्टर में रहते हैं। उन्होंने हमेशा की तरह अपनी बोलेरो गाड़ी को अस्पताल के पुराने गेट के पास खड़ा किया था।

सुबह जब वे उठे तो गाड़ी मौके पर नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें रात करीब 1:30 बजे दो संदिग्ध युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर आते हुए दिखाई दिए।

फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि दोनों चोर महज 1 से 2 मिनट के भीतर गाड़ी को स्टार्ट कर वहां से फरार हो जाते हैं। चोरी की यह वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी अस्पताल की पार्किंग से बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर पाती है और अस्पताल प्रशासन सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाता है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground