मारवाड़ प्रेस क्लब का बड़ा फैसला 6 जनवरी को होगा जोधपुर में सदस्यता अभियान.
मारवाड़ प्रेस क्लब (एमपीसी) की जोधपुर में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में संगठन विस्तार और पत्रकार हितों से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। 6 जनवरी को जोधपुर शहर और देहात के लिए एक दिवसीय सदस्यता अभियान आयोजित होगा। साथ ही मारवाड़ के 10 जिलों में जिला कार्यकारिणी गठन, सदस्यता अभियान और पत्रकारों के भूखंड आवंटन से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता से सुलझाने का संकल्प लिया गया।
जोधपुर(राजस्थान) 4 जनवरी 2026 :- मारवाड़ प्रेस क्लब (एमपीसी) की एक महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक जोधपुर में आयोजित हुई, जिसमें संगठन के भविष्य और विस्तार को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष राजीव गौड़ ने की। इस दौरान जोधपुर शहर और देहात सहित पूरे मारवाड़ क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने, पत्रकारों के हितों की रक्षा और लंबित मुद्दों के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में यह संकल्प लिया गया कि जोधपुर शहर, जोधपुर देहात, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर, सिरोही, पाली, बालोतरा, फलोदी और नागौर—इन सभी 10 जिलों में पत्रकारों को भूखंड दिलाने के प्रयासों को प्राथमिकता दी जाएगी। खासतौर पर जोधपुर में लंबे समय से अटके पत्रकार भूखंड आवंटन के मामलों को नए सिरे से गंभीरता के साथ उठाकर जल्द समाधान की दिशा में कदम बढ़ाने का निर्णय किया गया।
मारवाड़ प्रेस क्लब के सचिव चंद्रशेखर व्यास ने बताया कि संगठनात्मक मजबूती के लिए सभी 10 जिलों में जिला कार्यकारिणियों का गठन किया जाएगा। फरवरी के पहले सप्ताह तक सभी जिलों में कार्यकारिणी के मनोनयन का लक्ष्य रखा गया है। इससे पहले प्रत्येक जिले में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और जल्द ही सभी जिलों के प्रभारियों की घोषणा भी की जाएगी।
जोधपुर शहर और देहात में सदस्यता अभियान को प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सदस्यता अभियान संचालन समिति का गठन किया गया है। वरिष्ठ पत्रकार इम्तियाज अहमद को समिति का संयोजक और विक्रम दत्त को सह-संयोजक बनाया गया है। वहीं चंद्रशेखर व्यास, ललित परिहार, ललित सिंह बड़गूजर, मनोज गिरी, गिरीश दाधीच, सुनील दत्त, माधो सिंह, मनीष दाधीच और जितेंद्र दवे को समिति के सदस्य के रूप में जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि मारवाड़ प्रेस क्लब का सामूहिक सदस्यता अभियान 6 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। यह अभियान प्रातः 9:15 बजे से शाम 5:00 बजे तक जोधपुर के बरकतुल्लाह खान स्टेडियम के सामने स्थित होटल मारवाड़ एक्सीलेंसी में केवल एक दिन के लिए चलेगा। सदस्यता के लिए आवेदन करने वाले पत्रकारों को दो वर्षों का शुल्क 500 रुपये नकद जमा करना होगा।
सदस्यता आवेदन के साथ आधार कार्ड की प्रतिलिपि अनिवार्य होगी। इसके अलावा जिस समाचार पत्र या चैनल में पत्रकार सेवाएं दे रहे हैं, उसका आई-कार्ड अथवा संबंधित संपादक द्वारा जारी अपॉइंटमेंट लेटर की फोटो कॉपी जमा करनी होगी। आवेदन करने वाले प्रत्येक पत्रकार को दो पासपोर्ट साइज फोटो भी देनी होंगी। नियमों के तहत पाक्षिक और साप्ताहिक समाचार पत्रों से अधिकतम दो सदस्यों को ही सदस्यता दी जाएगी।
मारवाड़ प्रेस क्लब से जुड़ने वाले पत्रकारों को यह स्वतंत्रता रहेगी कि वे किसी अन्य जिले, प्रदेश, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संगठन से भी जुड़े रह सकें। सदस्यता अभियान के अंतर्गत किसी भी पत्रकार संगठन से जुड़े पत्रकार आवेदन कर सकते हैं।
मारवाड़ प्रेस क्लब का यह कदम न केवल संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि इससे पत्रकारों की एकजुटता, अधिकारों की लड़ाई और लंबित समस्याओं के समाधान को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।